सपा में चल रही रार से जुड़े एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि चाहे कुछ भी हो जीत समाजवादी विचारधारा और सिद्धान्तों की ही होगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की विचारधारा को कौन आगे ले जा रहा है यह देखा जाना चाहिए। मेरे लिए प्रदेश का विकास और नेताजी का आशीर्वाद दोनों जरूरी हैं।
नेताजी ने हमें मुख्यमंत्री बनाया और हमने उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप काम करके दिखाया। नेताजी ने पूछा था कि 23 माह में एक्सप्रेस वे बन जाएगा! हमने वह तय समय में पूरा करके दिखाया। यादव उत्तर प्रदेश प्रवासी दिवस समारोह के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।
उन्होंने अपनी सरकार के बेहतरीन कामकाज का हवाला देते हुए कहा कि जनता चाहती है कि इस बार फिर से वही लोग सत्ता में आएं जो अभी प्रदेश को आगे ले जा रहे हैं। इससे पूर्व यादव ने प्रवासी दिवस समारोह में कहा कि प्रदेश में शायद ही कोई ऐसा शहर होगा जहां कुछ न कुछ विकास नहीं हुआ है। जितने शहरों में हमने मेट्रों परियोजना की शुरुआत की है उतनी किसी भी प्रदेश में नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि इसमें हमारे अफसरों ने हमें पूरा सहयोग दिया। हमने अधिकारियों की ऐसी टीम तैयार की जो रास्ता निकालते हैं। यही कारण है कि बीते पौने पांच सालों में हमें यह पता चल गई कि कौन सा हथौड़ा कहां मारना है और कौन सा नट-बोल्ट कहां फिट करना है।
अखिलेश ने कहा कि बिजली के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम हुआ है। यादव ने प्रधानमंत्री के लखनऊ आगमन का उल्लेख करते हुए कहा कि हम सोच रहे थे कि वे इतने ताम-जाम के साथ आ रहे हैं शायद कुछ दे जाएंगे लेकिन अच्छे दिन की भांति यहां भी निराशा ही हाथ लगी। कटाक्ष करते हुए कहा कि बड़ी सोच से ही बड़े काम होते हैं।
Tags:
LUCKNOW