नई दिल्ली। आजकल जमाना सोशल मीडिया का है। यहां चीजें जल्दी वायरल होती है। फिलहाल सोशल मीडिया पर एक तस्वीर खूब वायरल हो रही है। फेसबुक पर तो लोग इसे शेयर कर ही रहे हैं व्हाट्सएप के जरिए भी लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
दरअसल तस्वीर आजतक चैनल का स्क्रीन शॉट है। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भाषण देते हुए दिखाया गया है। जहां मोदी की तस्वीर है उसके ऊपर लिखा है,सौजन्य डीडी। इस तस्वीर को धड़ल्ले से शेयर किया जा रहा है। तस्वीर के जरिए यह बताने की कोशिश की जा रही है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्र के नाम संबोधन में पूरे देश में शराब पर प्रतिबंध लगा दिया है। तस्वीर में ऊपर ही ऊपर लिखा है, देश के नाम मोदी का संबोधन पार्ट-2।
नीचे लिखा है,आज रात से पूरे भारत में शराब बंद। जहां ब्रेकिंग न्यूज चलाई जाती है वहां लिखा है, मोदी: ऐसी घुटन से मुक्ति की तलाश में थे देशवासी। असल कहानी ये है कि ये स्क्रीनशॉट फर्जी है। ये फोटोशॉप से बदला हुआ है। जो फॉन्ट इस बदले हुए फोटो में यूज किया गया है,न्यूज चैनल ये फॉन्ट इस्तेमाल ही नहीं करते। तस्वीर को देखकर साफ पता चल जाता है कि ऐसा मजाक बनाने के लिए किया गया है। अगर आपके पास भी ये मैसेज पहुंचे तो इसे शेयर करने से बचें ताकि लोगों तक गलत संदेश ना पहुंचे।