इन दिनों एक मैसेज खूब वायरल हो रहा है। मैसेज में दावा किया जा रहा है कि फेसबुक मैसेंजर और व्हाट्सएप यूज करने के लिए अब पैसे देने होंगे। यह मैसेज पूरी दुनिया में फैला दिया गया है। मैसेज में लिखा है शनिवार सुबह से फेसबुक चार्ज करना शुरू कर देगा।
अगर आपके पास दस कॉन्टेक्ट्स हैं तो यह मैसेज उन्हें भेजें। इस दौरान हम देखेंगे कि आप उत्साही यूजर हैं और आपका लोगो ब्लू हो जाएगा व यह फ्री रहेगा। पेपर में चर्चा हुई है कि फेसबुक प्रत्येक मैसेज के लिए 0.01 पैसे चार्ज करेगा। ये मैसेज 10 लोगों को भेजें। जब आप यह करेंगे तो लाइट ब्लू हो जाएगी अन्यथा फेसबुक बिलिंग एक्टिवेट कर देगा। ये मैसेज पूरी तरह फर्जी है क्योंकि फेसबुक और व्हाट्सएप पहले ही साफ कर चुके हैं कि उनकी सर्विस ग्राहकों के लिए फ्री है।
अगर आपके पास भी इस तरह का फर्जी मैसेज आए तो उसे तुरंत डिलीट कर दें। या फिर दूसरे को फॉरवर्ड करने की बजाय उसे इग्नोर कर दें। विशेषज्ञों ने यह चेतावनी दी है। 1 बिलियन मंथली यूजर्स के साथ व्हाट्सएप अपनी कीमती सर्विस पूरी दुनिया में मुहैया कराता है,जिससे लोग अपने परिवार और दोस्तों से जुड़े रहें। फेसबुक मैसेंजर की पहुंच भी 1 बिलियन से ज्यादा ग्राहकों तक है। यूजर्स तक इतनी बड़ी पहुंच के कारण साइबर अपराधियों के पास भी ग्राहकों पर अटैक करने की बड़ी संभावना रहती है।
जिससे वे कस्टमर्स की निजी जानकारियां चुरा सकें। फेसबुक का बिजनेस मॉडल ग्राहकों को फ्री में सर्विस देने और विज्ञापनदाताओं से मिलने वाले पैसे पर निर्भर है। व्हाट्सएप ने पिछले साल जनवरी में यह घोषणा की थी कि उसकी सर्विस सभी ग्राहकों के लिए फ्री है। कंपनी ने कहा था कि यह हमेशा के लिए फ्री रहेगी। जब फेसबुक ने व्हाट्सएप को खरीदा था तब भी इस तरह के मैसेज वायरल हुए थे।
कहा गया था कि आपका अकाउंट एक्सपायर हो रहा है,रिन्यू कराने या पैसे देने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें। ब्लॉगपोस्ट में मालवेयर इंटेलीजेंस एनलिस्ट जोवी उमाविंग ने कहा कि 2016 की शुरुआत में ही व्हाट्सएप ने सब्सक्रिशन फीस के रूप में चार्ज करना बंद कर दिया था। कंपनी कहती है,हम आपको हमेशा यह सलाह देते हैं कि आप सेंडर को ब्लॉक कर दें।