बसपा सुप्रीमो मायावती ने मंगलवार को केंद्र की मोदी सरकार पर करारा हमाला करते हुए कहा कि नोटबंदी आजाद भारत का एक काला अध्याय है, बिना किसी तैयारी के ही 500 और 1000 रुपये के पुराने नोट बंद करने का फैसला लिया गया।
मायावती ने लखनऊ में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि नोटबंदी से 90 फीसदी लोग परेशान हुए हैं। लोगों को अपने पैसे खर्च करने की आजादी होनी चाहिए। इस फैसले से कई लोगों की जान चली गई।
उन्होंने कहा कि इस सरकार ने अच्छे दिन लाने का वादा किया था लेकिन अच्छे दिन आने के कम आसार दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले की तरह लोगों को पैसे निकालने देना चाहिए।
उन्होंने मोदी सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्होंने कहा था कि कालाधन लाएंगे और सबके खाते में 15-15 लाख रुपये आएंगे। उम्मीद है कि सबके खाते में 15-15 लाख रुपये आ जाएंगे।
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि इस सरकार के ज्यादातर फैसले जनता के लिए अभिशाप हैं।
मायावती ने सोमवार को लखनऊ में प्रधानमंत्री की रैली में उमड़ी भीड़ के बारे में कहा कि प्रधानमंत्री की रैली में भाड़े पर लोगों को लाया गया था। मोदी सरकार जनता का ध्यान नोटबंदी से हटाने पर लगी हुई है।
Tags:
uttar pradesh