लखनऊ: समाजवादी पार्टी में सुलह की कोशिश आज सफल नहीं हो सकी. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव की बैठक बेनतीजा रही.इसमें कोई फॉर्मूला नहीं निकल सका. सूत्रों के मुताबिक, मुलायम ने अखिलेश को दोबारा मीटिंग के लिए बुलाया है. मुलायम-अखिलेश की इस बैठक में शिवपाल यादव भी मौजूद थे.
इस बीच रामगोपाल यादव ने दिल्ली में चुनाव आयोग के साथ बैठक के बाद कहा कि कोई समझौता होने नहीं जा रहा. हम अखिलेश यादव की अध्यक्षता में चुनाव लड़ने जा रहे हैं.
पिता-पुत्र में सुलह की कोशिश की शुरुआत आजम खान ने की थी. इसके लिए वह मुलायम सिंह यादव से मिलने दिल्ली पहुंचे थे, लेकिन मुलायम से फोन पर ही बात हो पाई. अखिलेश यादव ने भी मुलायम से फोन पर बात की.इसके बाद अचानक मुलायम सिंह यादव ने लखनऊ लौटने का फैसला कर लिया. रेगुलर फ्लाइट में अचानक टिकट न मिलने की वजह से उन्होंने चार्ट्ड प्लेन लेने का निर्णय किया
चुनाव आयोग से मुलाकात के बाद आज रामगोपाल यादव ने कहा है कि 90 फीसदी विधायक अखिलेश यादव का समर्थन कर रहे हैं इसलिए उनके गुट को ही समाजवादी पार्टी माना जाना चाहिए. रामगोपाल ने यह भी कहा कि पार्टी का चुनाव चिह्न भी उनके गुट को ही मिलना चाहिए. इससे पहले सोमवार को मुलायम सिंह यादव, शिवपाल यादव, अमर सिंह और जया प्रदा चुनाव आयोग पहुंचे थे और अपना पक्ष रखा था.
Tags:
uttar pradesh