कोलकाता: लाखों छोटे निवेशकों को कंगाल बना देने वाली फर्ज़ी निवेश योजना में शामिल होने के आरोप में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता सुदीप बंद्योपाध्याय की गिरफ्तारी के कुछ ही मिनट बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कोलकाता स्थित कार्यालय पर मंगलवार शाम को हमला किया गया. टीएमसी सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय की गिरफ्तारी के बाद पार्टी प्रमुख तथा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर 'नोटबंदी के बाद तृणमूल-बंदी' का आरोप लगाया, और कहा कि उनकी पार्टी पर ये अत्याचार इसीलिए किया जा रहा है, क्योंकि उन्होंने पीएम के नोटबंदी के कदम का खुलकर विरोध किया था.
प्रधानमंत्री द्वारा अचानक लागू की गई नोटबंदी के खिलाफ संसद के भीतर और लखनऊ व पटना जैसे शहरों में सड़कों पर किए गए विपक्षी दलों के विरोध-प्रदर्शनों का ममता बनर्जी ने नेतृत्व किया. ममता बनर्जी का कहना है कि नोटबंदी की वजह से करोड़ों गरीब लोग अपने ही पैसों तक पहुंच से वंचित हो गए.
सुदीप बंद्योपाध्याय की गिरफ्तारी के बाद तृणमूल कांग्रेस आपातकालीन बैठक कर रही है, और उनकी योजना बुधवार को विरोध-प्रदर्शन शुरू करने की है.