समाजवादी पार्टी के लखनऊ में आयोजित विशेष राष्ट्रीय अधिवेशन में अखिलेश यादव ने जबर्दस्त सियासी मास्टरस्ट्रोक खेला है. रामगोपाल यादव द्वारा आयोजित विशेष अधिवेशन में मुलायम सिंह यादव की जगह अखिलेश यादव को सपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित करने के साथ माना जा रहा है कि सपा में अब 'अखिलेश युग' का सूत्रपात हो गया है. मुलायम सिंह को पार्टी का रहनुमा मानते हुए संरक्षक बनाया गया है. उनके करीबियों में शुमार शिवपाल की प्रदेश अध्यक्ष की गद्दी छीन ली गई है. साथ ही अखिलेश यादव खेमे के आंख की किरकिरी बने अमर सिंह को पार्टी से बेदखल कर दिया गया.
एक खास बात यह रही कि पूरे अधिवेशन में केवल अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव के ही पोस्टर लहराए जाते रहे. ऐसा आमतौर पर सपा में परंपरागत रूप से नहीं होता रहा क्योंकि हर पोस्टर में मुलायम सिंह का फोटो अनिवार्य रूप से दिखता था. लेकिन आज पोस्टर में केवल अखिलेश और डिंपल के ही पोस्टर यह इशारा कर रहे थे कि सपा में अब वर्चस्व अखिलेश का होगा.
Tags:
uttar pradesh