'दंगल' बनी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म

'दंगल' ने ध्वस्त किए बॉलिवुड के सारे रिकॉर्ड, बनी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म

मुंबई।
बॉलिवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान की फिल्म 'दंगल' रिलीज के बाद से ही कमाई को लेकर नए रिकॉर्ड बना रही है। अब 'दंगल' ने कुल 17 दिन में घरेलू बॉक्स ऑफिस में 345 करोड़ रुपए की कमाई कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है। 'दंगल' हिंदी सिनेमा की अब तक सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है।

ट्रेड पंडितों की माने तो 'दंगल' ने रिलीज के तीसरे हफ्ते लगभग 30.5 करोड़ का शानदार कलेक्शन कर नया मुकाम हासिल किया है। आमिर खान की फिल्म 'पीके' अब तक बॉलिवुड की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म थी, जिसने 340 करोड़ का लाइफ टाइम कलेक्शन किया था। 

आमिर की 'दंगल' ने सिर्फ तीन हफ्ते में 345 करोड़ की धुआंधार कमाई कर 'पीके' का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इस तरह कमाई के मामले में आमिर ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इन आंकड़ों से साफ है इस समय बॉलिवुड में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म में पहले और दूसरे नंबर पर आमिर खान की फिल्मों का नाम है।

बॉलिवुड में फिल्मों की कमाई में 100 करोड़ी क्लब की शुरुआत भी आमिर खान की फिल्म 'गजनी' से शुरू हुई थी। 'गजनी' ने कुल 114 करोड़ कमाकर 100 करोड़ क्लब का नया मार्क सेट किया था। आमिर की फिल्म 'थ्री इडियट्स' ने 202 करोड़ की कमाई कर 200 करोड़ के क्लब की शुरुआत की थी। इसके बाद आमिर की 'पीके' ही पहली फिल्म थी जिसने 300 करोड़ की कमाई थी। अब 'दंगल' आसानी से 350 करोड़ की कमाई कर लेगी, ऐसे में फिल्म व्यवसाय से जुड़े विशेषज्ञ आने वाले दिनों में दंगल' से 400 करोड़ रुपए के कलेक्शन की उम्मीद जता रहे हैं। अगर 'दंगल' ने 400 करोड़ की कमाई कर ली, तो आमिर 400 करोड़ के क्लब को भी शुरू करने वाले अभिनेता होंगे।

ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के ट्वीट के मुताबिक, 'दंगल' ने रविवार को 14.33 करोड़ रुपए की कमाई की है। उन्होंने लिखा है, "Dangal collects a WHOPPING 31.79 cr in Weekend 3... [Week 3] Fri 6.66 cr, Sat 10.80 cr, Sun 14.33 cr. Total: 345.30 cr. India biz. ATBB"

ओवरसीज में की 180 करोड़ से ज्यादा की कमाई
'दंगल' ने रविवार (8 जनवरी) तक ओवरसीज में ग्रॉस 180.6 करोड़ रुपए की कमाई की है। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने इसकी जानकारी भी ट्विटर पर शेयर की है। उन्होंने लिखा है, "Dangal-OVERSEAS - Total till Sun, 8 Jan: $ 26.47 million [₹ 180.58 cr]... Crosses $ 11 million in USA-Canada. AWESOME!"

Post a Comment

Previous Post Next Post