यह शख्स पिछले 24 सालों से नहीं नहाया

 
पटना|  दुनिया में अजब-गजब शौक वालों की कमी नहीं। एकसे ही एक शख्स हैं मुंगेर के सकलदेव टुड्डू। सिर पर जटा रखने के शौक में उन्होंने करीब 24 साल से स्नान नहीं किया। लेकिन, आप उन्हें आधुनिकता से कटा कोई पुरातनपंथी नहीं समझें। वे नई तकनीक से कदमताल कर चलने वाले बुजुर्ग हैं। स्मार्टफोन पर चैटिंग व इंटरनेट उनके खास शगल हैं।
बिहार के मुंगेर जिला अंतर्गत टेटिया प्रखंड में एक गांव है 'ढंगडा', जहां सकलदेव टुड्डू रहते हैं। उम्र करीब 56 साल है। दिनचर्या के सारे काम करते हैं, लेकिन स्नान नहीं करते। सालों से बाल भी नहीं कटवाए। परिणामस्वरूप उनके सिर पर जटाओं का बड़ा गुच्छा लटक गया है। यही उनकी यूएसपी है। जटा के कारण इलाके में उन्हें 'शिव' का अवतार तथा 'महात्मा' बुलाया जाता है।
सकलदेव के अनुसार जब वे 22 साल के थे, तब किसी कारणवश एक साल तक बाल नहीं कटवा सके थे। उस दौरान बालों में जटाएं बनने लगी थीं। जटा होते देख ग्रामीण उन्हें भगवान शिव का रूप मानने लगे। लोगों की श्रद्धा के कारण तब से आज तक न तो सिर से नहाए, न ही बाल कटवाए। शुरूअाती दौर में साल में कभी-कभी बड़ी मुश्किल से संपूर्ण स्नान की तो बाल सुखाने में परेशान हो गए। तब से यह सिलसिला भी छूट गया।
लोग भले ही सकलदेव को महात्मा मानें, वे खुद को साधारन इंसान मानते हैं। जब भी कोई बीमारी या समस्या होती है लोग सकलदेव के पास आते हैं। वे उन्हें समझाते व आशीर्वाद देते हैं।
हां, शुद्ध शाकाहारी और सात्विक जीवन जरूर व्यतीत करते हैं। पहले मांस खाते थे, लेकिन अब उसे छोड़ चुके हैं। जीविकाेपार्जन के लिए वन विभाग की नौकरी का सहारा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post