नई दिल्ली। दिल्ली में सफाई कर्मचारियों की सैलरी को लेकर चल रही हड़ताल पर सियासत गर्माई हुई है। शुक्रवार को दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन कर रहे भाजपा के 120 से भी ज्यादा पार्षदों को हिरासत में ले लिया। ये सभी पार्षद हड़ताल कर रहे सफाई कर्मचारियों की सैलरी के लिए दिल्ली सरकार से राशि जारी करने की मांग कर रहे थे। पुलिस सभी पार्षदों को हिरासत में लेकर सिविल लाइंस और मौरिस नगर थाने ले गई। बाद में सभी को रिहा कर दिया गया।
वनइंडिया वेबसाइट के अनुसार सैलरी ना मिलने के कारण दिल्ली के सफाई कर्मचारी पिछले कई दिनों से हड़ताल पर हैं। भाजपा दिल्ली सरकार पर सैलरी के लिए राशि जारी ना करने का आरोप लगा रही है। वहीं, आम आदमी पार्टी का कहना है कि दिल्ली सरकार की तरफ से पूरा पैसा दिया जा चुका है लेकिन अधिकारी सफाई कर्मचारियों को सैलरी नहीं दे रहे हैं। दिल्ली सरकार ने दावा किया है कि कर्मचारियों की सैलरी के लिए पहले ही 119 करोड़ की अग्रिम राशी जारी की जा चुकी है। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी सैलरी नहीं दी जाती, वे काम पर नहीं लौटेंगे।