
अमेठी:जिले के जिन ग्राम सभाओं में आंगनबाड़ी केंद्र निजी भवनों में संचालित हो रहे हैं उन ग्राम सभाओं में नए सरकारी भवन का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए शासन ने 130 नए आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण के लिए लक्ष्य निर्धारित किया है। विकास महकमें ने सभी खंड विकास अधिकारियों से आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण के लिए प्रस्ताव मांगा है। माह के अंत तक इनके निर्माण कार्य की कार्रवाई शुरू कराई जाएगी।
शासन ने आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण के लिए जिलाधिकारी को कार्यदायी संस्था का निर्धारण करने का आदेश दिया है। हालांकि गत वर्ष नए आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कराया जाना था, लेकिन कार्यदायी संस्था आवास विकास परिषद के मनमाने रवैये के चलते आवासों का निर्माण न तो पूरा कराया जा सका है और न ही विभाग को प्रगति की रिपोर्ट ही दी जा सकी है। जिससे विभाग भी इस ओर से अंजान बना हुआ है। इस संबंध में जिला कार्यक्रम अधिकारी सरोजनी देवी ने कहा कि कार्यदायी संस्था से संपर्क साधने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन विभाग द्वारा कोई उत्तर अभी तक नहीं दिया जा सका है।(जागरण)
Tags:
amethi