
प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना लोहिया आवास के तहत चयनित लाभार्थियों को पक्का मकान दिलाया जा रहा है। वर्ष 2015-16 में चयनित सभी लाभार्थियों के आवास को पूरा करा दिया है, लेकिन अमेठी ब्लाक के एक लाभार्थी का आवास अभी तक पूरा नहीं कराया जा सका है। वहीं 2016-17 के लिए चयनित लाभार्थियों के खातों में आवास बनवाने के लिए धनराशि की पहली किश्त उनके खातों में भेज दिया गया है। साथ ही माह के अंत तक काम शुरू कराने का अल्टीमेटम भी दिया गया है। इसी तरह इंदिरा आवास योजना के तहत भी 92 प्रतिशत आवास पूरे कराए गए हैं। वर्ष 2015-16 में मनरेगा योजना के तहत कराए जाने वाले विकास कार्य को भी विकास महकमें ने लगभग पूरा करा दिया है। जिला परियोजना निदेशक विद्यानाथ शुक्ल ने बताया कि केंद्र सरकार ने मनरेगा योजना के लिए छह सौ करोड़ से अधिक की धनराशि अवमुक्त किया है। धन मिलने के बाद मजदूरों का भुगतान जल्द किया जाएगा। परंतु मैटेरियल भुगतान के लिए सरकार ने अभी तक धन जारी नहीं किया है। जिसके चलते सप्लाई करने वाले लोग आज भी धन का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि धन मिलने के बाद सभी का भुगतान तत्काल कराया जाएगा।(जागरण)
Tags:
amethi