रामगोपाल यादव की समाजवादी पार्टी में हुई वापसी, मुलायम ने रद्द किया निष्‍कासन

लखनऊ : समाजवादी पार्टी से हाल में निष्कासित किए गए राज्यसभा सांसद राम गोपाल यादव की गुरुवार को पार्टी में वापसी हो गई है। सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने चिट्ठी लिखकर रामगोपाल का पार्टी से निष्‍कासन को रद्द कर दिया है और उनसे लिए गए सभी पद वापस लौटा दिए गए हैं। इसके साथ ही रामगोपाल यादवराज्‍यसभा में सपा संसदीय दल के नेता बने रहेंगे। इस कदम को पार्टी और मुलायम परिवार में मचे घमासान को खत्‍म करने की दिशा में काफी अहम माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, समाजवादी पार्टी ने ताजा घटनाक्रम के तहत रामगोपाल यादव का पार्टी से निष्‍कासन रद्द कर दिया है। सपा की ओर से यह भी फैसला किया गया है कि रामगोपाल को पार्टी के सभी पद वापस मिलेंगे। रामगोपाल यादव सपा के राष्‍ट्रीय महासचिव और प्रवक्‍ता के रूप में काम करते रहेंगे।  
सपा मुखिया ने यहां जारी एक बयान में कहा कि रामगोपाल का सपा से निष्कासन रद्द किया जाता है और वह पहले की ही तरह पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता, महासचिव एवं संसदीय बोर्ड के सदस्य के रूप में काम करते रहेंगे। उल्लेखनीय है कि रामगोपाल को पिछली 23 अक्टूबर को बीजेपी के साथ साठगांठ करने और पार्टी के साथ अनुशासनहीनता के आरोप में छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया था।

Post a Comment

Previous Post Next Post