
अमेठी:जिलाधिकारी चंद्रकांत पांडे ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राज्य पोषण मिशन की समीक्षा करते हुए ग्राम्य स्वास्थ्य पोषण दिवस पर एएनएम के अनुपस्थित रहने की शिकायत पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में अगर कोई भी एएनएम या कर्मचारी दिवस पर अनुपस्थित पाया जाएगा तो उसके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई होगी। जिलाधिकारी ने कहा कि समस्त अधिकारी अपने अंगीकृत गांवों की निरीक्षण आख्या प्रत्येक माह की पांच तारीख को अवश्य उपलब्ध करा दें।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि यथा संभव ग्राम स्वास्थ्य पोषण समिति के बैठक के दिन ही अपने गांव का निरीक्षण करें। ताकि समस्त संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने प्रभारी चिकित्साधिकारी को ग्राम स्वास्थ्य पोषण मिशन बैठक की सूचना गोद लिए अधिकारियों के साथ ही खंड विकास अधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी के साथ ही खुद को भी उपलब्ध कराने को कहा। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आनंद ओझा, जिला विकास अधिकारी ओपी पांडे, परियोजना निदेशक राजेंद्र कुमार वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी सरोजनी देवी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Tags:
amethi