अमेठी : विद्युत मंत्रालय भारत सरकार द्वारा उर्जा संरक्षण पर पिछले दिनों सूबे के सभी परिषदीय विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता का राज्य स्तरीय आयोजन किया गया था। जिसमें अमेठी के साथ ही लखनऊ, उन्नाव, इलाहाबाद व सुलतानपुर को प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने सबसे उम्दा प्रदर्शन किया। खासकर जिले के परिषदीय विद्यालय के बच्चों द्वारा उर्जा संरक्षण पर उकेरे गए चित्र लोगों को पसंद आए, इतना ही नहीं चित्रों के जरिए उर्जा संरक्षण की जानकारी के स्तर का भी मूल्यांकन हुआ। जिसमें जिले के बच्चों ने अपना लोहा मनवाया। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी राजकुमार पंडित को परिषदीय विद्यालयों के बच्चों द्वारा उर्जा संरक्षण पर किए गए बेहतर प्रदर्शन पर गुरुवार को लखनऊ में सम्मानित किया गया। शिक्षा परियोजना परिषद राज्य परियोजना कार्यालय लखनऊ के यूनिट इंचार्ज गुणवत्ता राजेश कुमार श्रीवास के पत्र से जब जिले के शिक्षकों को यह जानकारी मिली तो उन्हें भी अपनी मेहनत का परिणाम मिलने का अहसास हुआ। सभी ने कहा कि जिलाधिकारी व बेसिक शिक्षाधिकारी की पहल पर जिले के परिषदीय विद्यालयों में पठन-पाठन का जो माहौल बना है अब उसका असर दिखने लगा है। परिषदीय विद्यालय के बच्चे भी कान्वेंट के बच्चों को टक्कर देते हुए दिख रहे हैं। गुरुवार को लखनऊ में बीएसए को मिले सम्मान से बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षकों में नई आशा का संचार हुआ है। शिक्षकों ने कहा कि अब और मेहनत से काम किया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी ने कहा कि जिले के शिक्षकों ने लगन और मेहनत से बच्चों को जो सिखाया पढ़ाया है यह सम्मान उसी का प्रतीक है। हमें भरोसा है कि आने वाले दिनों में हम और बेहतर करेंगे। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी की अच्छे शिक्षकों को खोजने और उन्हें प्रोत्साहित व सम्मानित करने की पहल से जिले में पठन पाठन का बेहतर माहौल बना है।(दैनिक जागरण)
Tags:
amethi