527 ग्राम सभाओं को अभिलेख सहित किया गया तलब-अमेठी



अमेठी-जिले की ग्राम पंचायतों व क्षेत्र पंचायतों द्वारा कराए गए विकास कार्यो को प्रिया साफ्ट पर फीड करने के आदेश दिए गए थे। जिससे वार्षिक पुस्तिका को बंद किया जा सके। लेकिन वर्ष 2014-15 में कराए गए कार्यो का 27 ग्राम पंचायत तथा 2015-16 में 527 ग्राम पंचायतों ने प्रिया साफ्ट पर फीड नहीं कराया है। जिसके चलते वार्षिक पुस्तिका भी नहीं बंद हो सकी है। 

इस पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने संबंधित ग्राम पंचायत के सचिव को अभिलेख सहित आगामी आठ नवंबर को कार्यालय में तलब किया है। तथा जिले की दस क्षेत्र पंचायतों की वार्षिक पुस्तिका बंद न करने पर जिलाधिकारी ने उन्हें भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जिसमें गौरीगंज, संग्रामपुर, भादर, भेटुआ, जगदीशपुर, मुसाफिरखाना, शाहगढ़, बाजारशुकुल, सिंहपुर व तिलोई ब्लाक शामिल हैं। वार्षिक पुस्तिका के बंद न होने पर सरकारी धन के अनियमितता की आशंका बनी हुई है। वहीं प्रिया साफ्ट पर अभिलेख फीड न करने पर अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई है।

 इस संबंध में जिला पंचायत राज अधिकारी एसबी सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायतों द्वारा कराए गए कार्यो के अभिलेखों का परीक्षण कराया जाएगा। खामियां पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र पंचायतों से भी जबाब मांगा गया है। संतोष जनक जबाब न मिलने पर जिलाधिकारी को मामले से अवगत कराया जाएगा।(साभार-दैनिक जागरण)

Post a Comment

Previous Post Next Post