बेंगलुरु: बड़े खनन करोबारी और कर्नाटक के पूर्व मंत्री बी जनार्दन रेड्डी की बेटी की बुधवार को शाही शानो-शौकत के साथ यहां के पैलेस ग्राउंड्स में भव्य शादी हुई। इसी के साथ पांच दिन का बेहद भव्य विवाह समारोह खत्म हुआ। अब जनार्दन रेड्डी की बेटी की शानदार शादी की भव्यता को लेकर खासे चर्चे होने लगे हैं। 500 करोड़ रुपये की यह शादी अब सुर्खियों में है। हालांकि खर्च पर उठ रहे सवालों के जवाब में जनार्दन रेड्डी ने कहा कि शादी खत्म होते ही वो सारे बिल दिखा देंगे।
इकलौती बेटी ब्रह्माणी की शादी को यादगार बनाने में रेड्डी ने कोई कसर नहीं छोड़ी। इस ख़ास मौके पर बेंगलुरु का पैलेस ग्राउंड दुल्हन की तरह सजा था। विजयनगर के मंदिरों जैसे आलीशान पंडाल बनाए गए थे। डिजाइनर सेट पर ब्रह्माणी ने दूल्हे राजीव रेड्डी संग सात फेरे लिए। कहा जा रहा है कि दुल्हन बनी ब्रह्माणी की साड़ी की कीमत 17 करोड़ रुपये थी।
एक तरफ जहां देश में 500 और 1,000 रुपये के पुराने नोटों का चलन बंद होने के कारण देश में लोगों को परेशानी हो रही है, तो उस बीच इस तरह भव्य तरीके से की गई शादी विवादों में आ गई है। पैलेस ग्राउंड्स में भव्य समारोह में ब्रह्माणी ने आंध्र प्रदेश के एक शीर्ष व्यापारी के बेटे राजीव रेड्डी से शादी की। तिरुमाला मंदिर के पुजारियों ने यह शादी कराई।
सभी तस्वीरे और खबर सौजन्य से जी न्यूज़
Tags:
national



