
अमेठी-शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्रकांत पांडे ने मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा की। पुनरीक्षण कार्यक्रम में खराब सुपरविजन करने पर खंड शिक्षाधिकारी बहादुरपुर व अमेठी, पशु चिकित्साधिकारी लालमणि, आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी सियाराम यादव, बरसाती लेखपाल, एडीओ पंचायत मुसाफिरखाना श्याम नारायन सिंह, सीडीपीओ मुसाफिरखाना शशिकला निगम, खंड शिक्षाधिकारी ओपी मिश्रा, पशु चिकित्साधिकारी पंकज त्रिपाठी व सूर्य प्रकाश को प्रतिकूल प्रविष्टि प्रदान किया है। वहीं फार्म छह, सात व आठ की कम संख्या मिलने व बैठक में अनुपस्थित रहने पर 14 अन्य अधिकारियों के वेतन पर रोक लगाते हुए स्पष्टीकरण देने का आदेश दिया है। डीएम ने आगामी 12, 13 नवंबर को आयोजित होने वाले विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम में अधिक से अधिक फार्म लेकर निस्तारित करने का आदेश दिया है।
उन्होंने मतदाता सूची में एक जनवरी 2017 को 18 वर्ष पूरा करने वाले सभी पात्र व्यक्तियों का नाम मतदाता सूची में सम्मलित करने के साथ डुप्लीकेट शिफटेड एवं मृत मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से निकालने व नाम संशोधित करने की कार्रवाई पूरी ईमानदारी के साथ करने को कहा है। इसमें लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों को निलंबित करने की कार्रवाई करने के साथ चुनाव आयोग को कड़ी कार्रवाई के लिए पत्र लिखा जाएगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी एसएन यादव सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, सेक्टर प्रभारी व बीडीओ सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Tags:
amethi