लखनऊ-समाजवादी पार्टी के सम्मेलन में कल राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज अपने सरकारी आवास पर फुल फार्म में हैं। पार्टी के विधायकों के साथ ही मंत्रियों के साथ बैठक में सीएम अखिलेश यादव ने बर्खास्त युवा नेताओं को बहाल करने का भी संकेत दिया है।
समाजवादी पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव एक्शन मोड में आ गए हैं। सीएम अखिलेश ने नए प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम को निर्देश दिया है कि नई कार्यकारिणी का गठन कर हफ्ते भर के अंदर उनसे अनुमोदन लें।इसके बाद संभावना व्यक्त की जा रही है कि संगठन में भारी फेरबदल हो सकता है।
मुख्यमंत्री आवास पर अखिलेश यादव को बधाई देने वालों का सिलसिला लगातार जारी है। कई विधायक व एमएलसी उनसे मिलने पहुंच रहे हैं। संगठन में भारी बदलाव किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने आज अपने सरकारी आवास पर पार्टी के विधायक तथा विधानपरिषद सदस्यों के साथ बैठक की। इस बैठक के दौरान उन्होंने सभी से चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार रहने को कहा है। माना जा रहा है कि इस बैठक केबाद बर्खास्त यूथ नेता दिग्विजय सिंह देव,ब्रजेश यादव की वापसी होगी।इनके साथ ही मुलायम यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव दुबे भी बहाल होंगे। अखिलेश यादव ने आज समर्थको की वापसी को लेकर सहमति दी। इसके बाद बर्खास्त यूथ नेताओं की भी पार्टी में वापसी होगी। अब मोहम्मद एबाद व प्रदीप तिवारी वापस लिया जाएगा। इसके साथ ही अखिलेश यादव के खास माने जाने वाले विधान परिषद सदस्य सुनील सिंह साजन,आनंद भदौरिया,संजय लाठर, उदयवीर सिंह व अरविंद यादव की बर्खास्तगी भी वापस होगी।
आज बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी को चुनाव के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि अपना-अपना क्षेत्र देखें। सीएम ने कहा कि अब अधिक समय नहीं है, किसी भी दिन चुनाव के लिए अधिसूचना जारी हो सकती है।
Tags:
uttar pradesh