अमर सिंह और शिवपाल यादव पार्टी छोड़ने को तैयार, मुलायम सिंह यादव अभी भी हैं अड़े-सूत्र

Live: अमर सिंह और शिवपाल यादव पार्टी छोड़ने को तैयार, मुलायम सिंह यादव अभी भी हैं अड़े-सूत्र

लखनऊ: समाजवादी पार्टी में दंगल जारी है. फिलहाल सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है कि अमर सिंह पार्टी से इस्तीफा देने को तैयार हैं और शिवपाल भी पार्टी छोड़ने को तैयार हैं. यही नहीं अखिलेश के लिए शिवपाल अपनी सीट जसवंत नगर सीट छोड़ने को तैयार हैं, लेकिन मुलायम सिंह अड़े हुए हैं. उनका कहना है कि मुझे अध्यक्ष पद से हटाया नहीं जा सकता. हम अखिलेश से लड़ने को तैयार हैं. इसे लेकर मुलायम और शिवपाल फ्लाइट से दिल्ली आ रहे हैं और अमर सिंह से मुलाकात करेंगे.

इस बीच अखिलेश ने शिवपाल के बर्खास्त किए गए चार जिला अध्यक्षों को पार्टी में वापस ले लिया है. कुछ दिन पहले शिवपाल यादव ने देवरिया के रामइकबाल यादव, कुशीनगर के राम अवध यादव, आज़मगढ़ के हवलदार यादव और मिर्ज़ापुर के आशीष यादव को ज़िला अध्यक्ष पद से बर्ख़ास्त कर दिया था. ये सभी लोग अखिलेश खेमें के माने जाते हैं. अखिलेश यादव ने सपा के सभी ज़िला इकाइयों को चुनाव की तैयारी करने के आदेश दिए.
इस बीच समाजवादी पार्टी में मुलायम और अखिलेश यादव के गुटों में कोई समझौता होने के आसार लगभग खत्म हो गए हैं. ऐसे में अब बाप और बेटे का खेमा आमने सामने चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है हालांकि पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान अब भी सुलह की आखिरी कोशिश कर रहे हैं और किसी चमत्कार की उम्मीद में भी हैं.
किसी तरह के भ्रम में न रहें : अखिलेश यादव
यूपी में विधानसभा चुनाव 11 फरवरी से लेकर 8 मार्च तक सात चरणों में होगा. चुनाव के नतीजे 11 मार्च को आएंगे. सपा सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने लोगों से कह दिया है कि अब वह पूरी तरह चुनाव प्रचार में लग जाएं और किसी तरह के भ्रम में न रहें.

Post a Comment

Previous Post Next Post