लखनऊ: एक तरफ मुलायम सिंह यादव और उनके बेटे अखिलेश यादव के बीच राजनीतिक जंग छिड़ी हुई है, मुख्यमंत्री और पार्टी प्रमुख के बीच खींचतान में एक दूसरे से लगे घर मानो अलग अलग खेमे में बंट गए हैं. लेकिन इस तनाव के बीच शांति के मिशन पर परिवार के दो सदस्य जुटे हुए हैं - 15 साल की अदिति और 10 साल की टीना.
एनडीटीवी इंडिया के रिपोर्ट के अनुसार अखिलेश और डिंपल यादव की ये दोनों बेटियां इस झगड़े से बेख़बर कभी भी पार्टी के बीच आई इस दरार को पार करके अपने दादा से मिलने चली जाती हैं.
सूत्रों की मानें तो कुछ दिन पहले ही 77 साल के मुलायम सिंह ने टीना को चिढ़ाते हुए कहा 'तुम्हारा बाप बड़ा जिद्दी है.' टीना ने फट्ट से यह बात मुख्यमंत्री जी तक पहुंचा दी और अखिलेश ने हंसते हुए कहा 'हां सो तो है...'
आपको बता दें कि उत्तरप्रदेश में अगले महीने चुनाव होने जा रहे हैं और यादव खेमे में कलह की वजह से पार्टी चुनावी अभियान पर ध्यान केंद्रित नहीं कर पा रही है. एक तरफ मुलायम सिंह के साथ छोटे भाई शिवपाल यादव और दोस्त अमर सिंह हैं. तो दूसरी तरफ मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने अपने चाचा राम गोपाल यादव के साथ टीम बना ली है. दोनों ही पार्टी के चुनाव चिह्न साइकल पर अपना दावा पेश कर रहे हैं.
पिछले हफ्ते मुलायम सिंह ने चुनाव आयोग से मिलकर साइकल को अपनी संपत्ति बताया. बताया जा रहा है कि मुलायम जब लखनऊ लौट रहे थे तब अखिलेश यादव ने सोचा था कि डिंपल और बेटियों के साथ मिलकर वह पिता को एयरपोर्ट लेने जाएंगे. लेकिन जब खबर आई कि प्लेन में अमर सिंह भी मौजूद हैं तो अखिलेश ने प्लान बदल दिया. इसके पीछे की ज़ाहिर वजह अखिलेश और अमर सिंह के बीच की कड़वाहट को देखा जा रहा है.
Tags:
uttar pradesh