साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे राहुल-अखिलेश, कांग्रेस को मिल सकती हैं 100 सीटें

यूपी में साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे राहुल-अखिलेश, कांग्रेस को मिल सकती हैं 100 सीटें- सूत्र

लखनऊउत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी साथ मिलकर चुनाव लड़ सकती हैं. सूत्रों के मुताबिक चुनावों में कांग्रेस को 100 सीटें मिल सकती है. कहा जा रहा है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के विदेश दौरे से वापस आने का इंतजार है. इसके बाद ही गठबंधन का औपचारिक एलान किया जाएगा.
बता दें कि विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 235 उम्मीदवार घोषित कर चुके हैं, बाकी उम्मीदवारों के नाम का एलान कांग्रेस से गठबंधन के बाद किया जा सकता है.
गठबंधन पर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता नावेद सिद्दिकी का कहना है, ‘’गठबंधन होगा या नहीं इसका फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व लेगा.’’ उन्होंने कहा, ‘’जब जंग के मैदान में आपकी सेना बहुत मजबूत हो तो दूसरे राज्यों से सेना नहीं ली जाती. हमें अपने टीपू सुल्तान पर फक्र है, लेकिन फिर भी राष्ट्रीय नेतृत्व फैसला लेता है तो हम इसका स्वागत करेंगे.’’
वहीं, कांग्रेस नेता अखिलेश प्रताप सिंह का कहना है, ‘’गठबंधन के बारे में अभी पार्टी को कोई जानकारी नहीं है. पार्टी अपने दम पर 403 सीटों पर लड़ने की तैयारी कर रही है.’’ उन्होंने कहा, ‘’हम अपने दम पर उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने में सक्ष्म हैं. फैसला हाईकमान करेगा.’’

Post a Comment

Previous Post Next Post