नई दिल्ली/लखनऊ : नोटबंदी से बैंक कर्मचारी भी मुसीबत में हैं. एक तरफ तो बैंक कर्मचारी छुट्टियां छोड़कर भी काम कर रहे हैं दूसरी तरफ उन्हें पैसे न मिलने से परेशान लोगों की नाराजगी झेलनी पड़ रही हैं. हालात ये है कि बैंक कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी भी मिल रही हैं. उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में बैंक कर्मचारियों से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है.
दरअसल, पंजाब नेशनल बैंक की पहासू शाखा के बाहर धरना दे रही महिलाएं बेहद नाराज थी. महिलाओं ने पुरुषों के साथ मिलकर बैंक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. आरोप लगाया है कि बैंक कर्मचारी अपने जान-पहचान के लोगों को ही पैसे दे रहे हैं. प्रदर्शनकारी बैंक कर्मचारियों को सरेआम गोली मारने तक के नारे लगाने लगे.
इतना ही नहीं पंजाब नेशनल बैंक सनोटा के हैड कैशयिर को लोगों ने उस वक्त पीट पीटकर घायल कर दिया. घटना तब हुई जब वो बैंक के अन्दर ड्यूटी करने जा रहे थे. बुलन्दशहर के गुलावठी की एचडीएफसी बैंक शाखा में पहुंची महिला गुस्से में आपा खो बैठी. ड्यूटी पर मौजूद पुलिसवाले से सामने ही 10 हजार न मिलने पर बैंक कर्मचारी को मारने की धमकी दे डाली.
एक महिला ने कहा कि ‘मैं इस बात को कह रही हूं कि या तो मैं पैसे लेकर जाऊंगी या मैनेजर को मार दूंगी. मेरे घर में बीमार इंसान है. सुबह से बच्चे भूखे हैं. मैं यहां पड़ी हूं सुबह से.’ महिला के मुताबिक उसकी सास बीमार है. 4 दिन से पैसों के लिए बैंक के चक्कर काट रही है. आज भी बच्चों को घर पर भूखा छोडकर बैंक में पैसे लेने आयी थी. लेकिन दोपहर बाद नो कैश का बोर्ड लगा दिया गया.
लगातार हो रही इन घटनाओं से बैंक कर्मचारी दहशत में हैं.