
गौरीगंज : मुंशीगंज थानाक्षेत्र के गांव सराय खेमा निवासी एक महिला ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर एसओ पर घर में घुसकर पुत्री के साथ अश्लील हरकत करने व पन्द्रह हजार रुपए लेकर पुत्री को छोड़ने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसओ व उनके साथ गए सिपाही पर मुकदमा दर्ज करवाकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
एसपी को दिए पत्र में महिला ने कहा है कि बीते एक दिसंबर की शाम लगभग साढ़े चार बजे एसओ व सिपाही सरकारी जीप से उसके घर गए थे। आरोप है कि छज्जे के सहारे घर में घुसकर वह उसकी बेटी से अश्लील हरकत करने लगे। पुत्री के शोर मचाने पर घर में मौजूद बहू ने बीच बचाव किया। भागते समय पुलिस वालों ने उसकी पुत्री का गहना भी छीन लिया। घटना के आधा घंटा बाद एसओ जीप में चार पांच सिपाहियों के साथ पुन: आए और उसके घर से बटुई, बाल्टी व थाली के साथ उसकी पुत्री को लेकर थाने चले गए। जानकारी होने पर जब वह थाने गई तो एसओ ने पन्द्रह हजार लेने के बाद उसकी पुत्री को छोड़ा। पीड़िता ने एसओ व सिपाहियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि उनके संज्ञान में ऐसा कोई पत्र नहीं आया है।(साभार-जागरण)
Tags:
amethi