
मुरादाबाद-कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने सोमवार को मायावती पर जमकर हमला बोला। उन्होंने मायावती के उस बयान पर हमला बोला जिसमें उन्होंने मुसलमानों को सपा और कांग्रेस से बचकर रहने को कहा था।
इस बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर वो वाकई मुसलमानों की इतनी हितैषी हैं तो वे पहले ही चार बार उत्तर प्रदेश की सीएम बन चुकी हैं। इस बार खुद को हटा कर मुस्लिम को प्रदेश का सीएम उम्मीदवार घोषित करें।
आजाद सोमवार को मुरादाबाद के भोजपुर धर्मपुर में जन आक्रोश रैली को संबोधित करने आये थे। जहां उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार की नोटबंदी को लेकर भी तीखी आलोचना की और कहा कि बिना तैयारी के मोदी सरकार ने देश के करोड़ों लोगों को मुश्किल में डाल दिया है।
सूबे में अपने लिए राह ढूंढ रही कांग्रेस ने मुस्लिम मतदाताओं में पैठ बढ़ने के लिए जोर आजमाइश तेज कर दी है। इसी तर्ज पर सोमवार को मुरादाबाद देहात विधानसभा के मुस्लिम बाहुल्य इलाके के भोजपुर में एक रैली आयोजित की गयी। जिसमें मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद और कांग्रेस के महासचिव गुलाम नबी आजाद रहे। उन्होंने अपने अंदाज में सूबे में सपा, बसपा और भाजपा पर एक साथ निशाना साधते हुए कहा कि बीते सत्ताईस सालों में इन दलों में प्रदेश को काफी पीछे छोड़ दिया है। इसके साथ ही आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को जिताने की अपील भी की।
इससे पहले कांग्रेस नेता रशीद अल्वी और मीम अफजल ने भी मोदी सरकार पर नोटबंदी को लेकर निशाना साधा और जनता की तालियां बटोरी। यहां बता दें कि जनपद की छह विधानसभाओं में कांग्रेस किसी पर भी पिछले दो चुनावों से नदारद है और इस बार उसकी कसक इन पर आगे बढ़ने की है। जबकि अभी तक उसके प्रत्याशी भी सामने नहीं आए हैं। अब देखना होगा कि ये जन आक्रोश रैली कांग्रेस को कितनी संजीवनी देती है।
Tags:
uttar pradesh