
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने बड़ा खुलासा किया है, केजरीवाल ने कहा है कि मोदी की असलियत पूरा देश जानेगा।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि मोदी जी जो मर्जी कर लो, पूरे देश में घूम-घूम कर लोगों को बताऊंगा कि आप रिश्वत खाते हो और आपने सहारा-बिड़ला से कैश लिया।
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा है कि अपने घोटाले को छिपाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आप को निशाना बना रहे हैं। नरेंद्र मोदी ने सारी जांच एजेंसियां दिल्ली सरकार के मंत्रियों के खिलाफ छोड़ी है।
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शुक्रवार देर शाम अपने आवास पर बुलाई प्रेस कॉंफ्रेंस में कहा कि देश में नोटबंदी के नाम पर घोटाला मोदी जी करते हैं, बिरला-सहारा से रिश्वत पीएम मोदी जी लेते हैं लेकिन सीबीआई की रेड वो दिल्ली सरकार के मंत्रियों के खिलाफ कराते हैं। भारतीय जनता पार्टी और मोदी जी की नजर में दिल्ली सरकार में मंत्री सत्येंद्र जैन ने ओएसडी नियुक्त करके देश का सबसे बड़ा भ्रष्टाचार कर दिया'
सिसोदिया ने कहा कि एक साल पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री के दफ्तर पर सीबीआई का छापा पड़वाया जाता है और एक साल बाद मंत्री सत्येंद्र जैन के दफ़्तर पर सीबीआई भेजी जाती है। देश में नोटबंदी के नाम पर घोटाला मोदी जी करते हैं, सौ से ऊपर लोग इस घोटाले की वजह से अपनी जान गंवा देते हैं, भारतीय जनता पार्टी और पीएम मोदी के दोस्तों का सारा काला धन बदलवा दिया जाता है, लेकिन देश की जांच एजेंसियों को सिर्फ़ आम आदमी पार्टी के नेताओं के पीछे छोड़ा जाता है।