सुनीता देवी बेटी की पढ़ाई के लिए किडनी बेचना चाहती, खरीदार की तलाश है


प्रतीकात्मक तस्वीर


नई दिल्ली।  झारखंड के जमशेदपुर में एक महिला अपनी बेटी की पढ़ाई के लिए अपनी किडनी बेचने को तैयार है। खबरों के मुताबिक जुगसलाई नया बाजार की रहने वाली सुनीता देवी शुक्रवार को यह प्रस्ताव लेकर उपायुक्त कार्यालय (डीसी ऑफिस) पहुंच गई थीं। 

जिसे सुनकर वहां मौजूद सारे लोग चौंक गए थे। सुनीता देवी ने बताया कि उनके पति का नाम संजय कुमार है और वह कुली का काम करते हैं। उनकी बेटी का नाम शैली है। 

जनसत्ता की रिपोर्ट के अनुसार सुनीता ने कहा कि उनकी बेटी पढ़ाई में तो तेज है लेकिन उसकी पढ़ाई के लिए उनके पास पैसे नहीं है। सुनीता ने डीसी को बताया कि उनकी बेटी शैली के 10वीं में 89 प्रतिशत व 12वीं 94 फीसदी अंक आए थे। उन्होंने बताया कि शैली भुवनेश्वर के एक कॉलेज में कंप्यूटर साइंस में पढ़ती है। कॉलेज की परीक्षा में उसके 8.68 सीजीपीए आए थे।  

सुनीता के मुताबिक, समाज के लोगों की मदद से उसका दाखिला तो हो गया लेकिन अब आगे की पढ़ाई में और फीस जमा करवाने में दिक्कत आ रही है। सुनीते ने डीसी को बताया कि दिक्कत पिछले दो सालों से ऐसी की ऐसी बनी हुई है। आय का स्त्रोत कहीं से नहीं बढ़ रहा।

प्रशासन ने सुनीता की गुहार सुनकर हरसंभव मदद का भरोसा दिया। मदद कहां से दी जाए उसके लिए रास्ता भी खोजना शुरू कर दिया गया है। किसी बैंक से एजुकेशन लोन दिलवाने की भी बात कही जा रही है। डीसी ने अफसरों से कहा वे दो-तीन दिनों के अंदर रास्ता हर हाल में निकालें।

दैनिक भास्कर की खबर के मुताबिक, सुनीता ने कहा, ‘2014 से मैं सांसद, विधायक और प्रशासनिक अधिकारियों के पास मदद की गुहार लगा रही हूं, पर अबतक मदद नहीं मिली। दो वर्षों से बेटी ने कॉलेज की फीस जमा नहीं की है। करीब 2.77 लाख रुपए फीस का बकाया है। 

अब मेरे पास कोई रास्ता नहीं है। मैं किडनी बेचना चाहती हूं। लेकिन इसके लिए कहां जाऊं? जो बेटी की पढ़ाई का पूरा खर्च दे दे। इसलिए आपके पास आई हूं, मुझे किडनी खरीदने वाले से मिलवाइए। ‘


Post a Comment

Previous Post Next Post