जामो :थानाक्षेत्र के गांव निवासी राजाराम का 12 वर्षीय पुत्र चंद्रप्रकाश बीती 12 दिसंबर को रिश्तेदारी में मुसाफिरखाना के कंजास से संभई में आई बारात में शामिल होने अपने चाचा के साथ गया था। जिसके बाद से ही वह गायब था। काफी खोजबीन के बाद जब उसका पता नहीं चला तो बालक की मां ने अज्ञात के विरुद्ध थाने में बेटे के अपहरण करने की तहरीर दी थी। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया था। 14 दिसंबर को लुधियाना से पिता के आने के बाद मामले में तीन लोगों का नाम भी शामिल किया गया था। काफी दिनों से पुलिस बालक की तलाश कर रही थी। लेकिन उसका कहीं अता पता नहीं चल रहा था। शनिवार की सुबह संभई गांव से दो सौ मीटर दूर रमाशंकर के खेत में कुछ मजदूर काम करने गए थे। जहां उन्हें खेत के बीचो-बीचे शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना गांव में आग की तरह फैल गई। जिसके बाद ग्रामीणों की काफी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर एसओ भी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। शव की पहचान गायब बालक के रूप में हुई। उन्होंने शव को अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया व उच्च अधिकारियों को मामले की सूचना दी। सूचना पर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित पिता की माने तो बेटे का अपहरण कर हत्या की गई है। पुलिस ने अपहरण के मामले को हत्या में तब्दील किया है। जिसमें रामधनी मौर्या व रामदेव के विरुद्ध मामला दर्ज किया है जिसमें रामदेव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शव के गले पर चोट के निशान मिले हैं। जिसे देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
Tags:
amethi