
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री और उनके मंत्रियों ने डेढ़ साल में करीब सवा करोड़ रुपये चाय-स्नैक्स पर खर्च किए। बिजली-पानी के बिल के रूप में भी करीब 18 लाख रुपये का भुगतान किया गया है। यह जानकारी आरटीआइ के जवाब में दिल्ली सरकार की प्रशासनिक शाखा ने स्वयं दी है।
जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक आरटीआई के जवाब पत्र क्रमांक एफ 25/2466/2016/आरटीआइ/जीएडी/एडमिनिस्ट्रेशन/6065 दिनांक 14 दिसंबर 2016 के मुताबिक अगस्त 2016 तक मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के दफ्तर में 27,25,603 रुपये के चाय-स्नैक्स आए, जबकि उनके कैंप ऑफिस में इसी मद में 28,60,050 रुपये खर्च हुए। इसी अवधि में इसी मद में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के दफ्तर का बिल 8,60,238 रुपये और कैंप ऑफिस का बिल 6,51,463 रुपये का आया। 19 मार्च, 2015 से 4 सितंबर, 2016 तक की अवधि में मुख्यमंत्री के बंगले का बिजली बिल 2,23,520 रुपये का रहा। 18 मार्च, 2015 से 31 अक्टूबर 2016 तक मुख्यमंत्री के बंगले का पानी का बिल 13,920 रुपये आया। फरवरी 2015 से अक्टूबर 2016 तक मुख्यमंत्री के पायलट वाहन के पेट्रोल का खर्च 5,08,876 रुपये था। मार्च 2015 से अब तक मंत्रियों के बिजली- पानी के बिल भी लाखों रुपये के आए हैं।
उपमुख्यमंत्री का बिजली बिल 2,23,520 रुपये और पानी का बिल 1,63,099 रुपये का रहा। इमरान हुसैन का बिजली का बिल 2,25,210 रुपये, सत्येंद्र जैन का बिजली बिल 3,95,610 रुपये और पानी का बिल 6,172 रुपये, गोपाल राय का बिजली बिल 2,80,450 रुपये आया है। वहीं, सरकार के प्रवक्ता नागेंद्र शर्मा का कहना है कि मुझे कोई जानकारी नहीं है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।