शुक्रवार की सुबह सवा नौ कोतवाली देहात के बालमपुर निवासी राम आसरे पाल उत्तरी फीडर पर अपने गांव के पास फाल्ट ठीक कर रहा था। बताते है वह जैसे ही खंभे पर चढ़कर तार खोलने लगा। विद्युत आपूर्ति चालू हो गई और चपेट में आने से घटना स्थल पर ही लाइनमैन की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि संविदा पर तैनात लाइन मैन लगभग 30 वर्षो से रामगंज पावर हाउस के उत्तरी फीडर पर कार्य कर रहा था। यदि ग्रामीणों की माने तो अपने मोबाइल नंबर से नौ बजकर बारह मिनट पर सिटडाउन लिया था। घटना की सूचना पाकर ग्रामीण और आस पास के लोग इकट्ठा हो गए। इकट्ठा ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की कार्यशैली पर आक्रोश जताते हुए इलाहाबाद-फैजाबाद हाइवे पर प्रतापगंज बाजार में शव रखकर जाम लगा दिया। जाम की खबर लगते ही थानाध्यक्ष पीपरपुर भरत उपाध्याय पुलिस बल के साथ पहुंचे। उधर देहात कोतवाली की पुलिस भी पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों समझाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण सड़क से नहीं हटे। सीओ जीडी मिश्र ने पहुंचकर हर संभव सरकारी इमदाद दिए जाने का आश्वासन दिया तो सवा दो घंटे बाद जाम खुला। पुलिस ने शव का पंचनामा कर अंत्य परीक्षण हेतु भेज दिया।
Tags:
amethi