
नई दिल्ली। 8 नवंबर को नोटबंदी का फैसला लेने के बाद मोदी सरकार क्रिसमस के मौके पर देशवासियों के लिए सांता क्लॉज साबित होगी।
रविवार यानि कि आज से अगले 100 दिनों के लिए देश के 100 शहरों में लकी ग्राहक योजना और डिजी धन व्यापार योजना के तहत पुरस्कारों की शुरुआत करेगी।
नीति आयोग के अनुसार कुल 15,000 उपभोक्ताओं को 1,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि के लिए योजना के पहले ड्रॉ की शुरुआत वित्त मंत्री अरुण जेटली तथा सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद करेंगे।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आयोग ने कहा, देश के विभिन्न हिस्सों में जागरूकता पैदा करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। लकी ग्राहक योजना के तहत विजेताओं का चयन रोज़ाना व साप्ताहिक आधार पर किया जाएगा। डिजी धन व्यापार योजना के तहत विजेताओं का चयन साप्ताहिक आधार पर किया जाएगा।
इन दोनों स्कीमों पर सरकार करीब 350 करोड रूपये खर्च करेगी। इन दोनों योजनाओं का संचालन डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है, जिसे नीति आयोग ने शुरू किया है।