मुंबई: टीम इंडिया इंग्लैंड के खिलाफ विजय रथ पर सवार है. इस बार उसने 2012 वाली गलती नहीं दोहराई, जिसमें उसे घर में एलिस्टर कुक की कप्तानी में ही इंग्लैंड के हाथों 2-1 से सीरीज गंवानी पड़ी थी और हां, मुंबई के वानखड़े में भी उसे हार का सामना करना पड़ा था. पिछली सीरीजों में इंग्लैंड ने मुंबई में जब भी 400 रन बनाए, तो टीम इंडिया ने उनके सामने हथियार डाल दिए, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ और टीम इंडिया ने इंग्लैंड को पारी और 36 रन से हराकर सीरीज में भी 3-0 से अजेय बढ़त हासिल कर ली. मुंबई टेस्ट की जीत में कप्तान विराट कोहली (235), मुरली विजय (136) और जयंत यादव (104) ने बल्ले से कमाल किया, तो आर अश्विन ने मैच में कुल 12 विकेट झटककर इंग्लैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. विराट कोहली को मैन ऑफ द मैच दिया गया.
पांचवें और अंतिम दिन इंग्लैंड की टीम रविवार के स्कोर में महज 13 रन जोड़कर 195 रन पर ही सिमट गई. वह टीम इंडिया की पहली पारी की 231 रन की बढ़त को भी पार नहीं कर पाई. गेंदबाजी में टीम इंडिया के स्टार आर अश्विन रहे, जिन्होंने ने 6 विकेट झटके, वहीं रवींद्र जडेजा ने दो विकेट, तो शतकवीर जयंत यादव और भुवनेश्वर कुमार ने एक-एक विकेट लिया.
Tags:
sport