
गौरीगंज :तहसील दिवसों व मुख्यमंत्री सहित अन्य संदर्भो की शिकायतों पर कार्रवाई न करने के कारण लंबित हैं। इसके निस्तारण के लिए अभियान चलाकर निस्तारित करने का आदेश दिया गया है। निस्तारित शिकायतों व आवेदकों को निर्णय से सूचित किए गए पत्र की छाया प्रति अपलोड करने के आदेश दिए गए हैं। वहीं शासन ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए हैं कि भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों पर कार्रवाई में यदि कोई गंभीर प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो कार्रवाई बिंदु पर आख्या शासन को कार्रवाई के लिए उपलब्ध कराएं। साथ ही अंतिम आख्या अनिवार्य रूप से बेवसाइट पर अपलोड किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निस्तारण की गति बहुत धीमी है। जिसमें तेजी लाने को कहा गया है।
जिस अधिकारी के स्तर पर संदर्भ के निस्तारण में लापरवाही बरती जा रही है तो उसपर कार्रवाई भी की जाय। साथ ही वर्ष 2016-17 के वार्षिक गोपनीय प्रविष्टि अंकन करते समय उक्त तथ्य को संज्ञान में लिया जाय। शिकायतों के गुणवत्तापरक व समय सीमा के भीतर निस्तारण न करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाय। इस संबंध में जिलाधिकारी चंद्रकांत पांडे ने बताया कि शिकायतों के निस्तारण को गंभीरता से लिया जा रहा है। लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
Tags:
amethi