बलराम नगर कालोनी में पंजाब नेशनल बैंक के बाहर लाइन में खडे़ लोगों के बीच धक्का मुक्की होने के बाद हंगामा हो गया। पुलिसकर्मी पहुंचे तो कुछ लोगों ने उन पर पथराव कर दिया। इस पर पुलिस ने लाठियां बरसा दीं, जिसमें दो महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गए हैं। पुलिस उपद्रव करने वालों को चिंहित कर कार्रवाई करने को कह रही है। बुधवार दोपहर बलराम नगर कालोनी स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बाहर लाइन के आगे बढ़ने के दौरान धक्का मुक्की शुरू हो गई। पीछे से आए तेज धक्के से सीढ़ियों पर खडे़ लोग गिर गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लोगों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ में खड़े कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए लाठियां भांज कर लोगों को तितर बितर किया। लाठियां लगने से इंदिरापुरम कालोनी निवासी मंजू, नसबंदी कालोनी निवासी पंकज, अक्कू और एक अन्य महिला घायल हो गई। इस दौरान अफरातफरी मच गई। इस संबंध में लोनी बार्डर थाना एसओ रणवीर सिंह ने बताया कि भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने भड़काने का काम किया। ऐसे लोगों को चिन्हित किया जा रहा है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Tags:
uttar pradesh

