
गौरीगंज :निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिलाधिकारी चंद्रकांत पांडे की अध्यक्षता में मतदाता पुनरीक्षण को लेकर बैठक की गई। उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेटों, सेक्टर प्रभारियों के साथ बैठक करते हुए कहा कि 12 व 13 नवंबर को विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। जिसमें विधानसभा सामान्य निर्वाचन नामावली को ठीक करने का यह अंतिम मौका है। उन्होंने कहा कि पंद्रह नवंबर को नामावली के प्रकाशन की कार्रवाई की जाएगी। इसलिए सभी की जिम्मेदारी है कि एक जनवरी 2017 को 18 वर्ष पूरा करने वाले सभी पात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में सम्मलित करें। डुप्लीकेट शिफटेड एवं मृत मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से निकालने के अलावां नाम संशोधित करने की कार्रवाई पूरी ईमानदारी के साथ पूरा करें। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अभियान की तिथि पर अपने-अपने क्षेत्र के उन मतदान बूथों पर जहां फार्म छह दस से कम तथा फार्म सात छह से कम मिले हैं विशेष समीक्षा करने के लिए कहा है।
डीएम ने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम शामिल होने से वंचित न रह जाय। इसमें लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ निलंबित करने की संस्तुति चुनाव आयोग को करने के साथ ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अभियान की तिथि के दोनों दिन शाम तक मिले फार्मो का विवरण निर्धारित प्रारूप पर अपने क्षेत्र के आरओ व एसडीएम को उपलब्ध कराने को कहा है। डीएम ने दिव्यांगों का विवरण बीएलओ से प्राप्त कर यदि किसी का नाम मतदाता सूची में नहीं है तो फार्म भरवाकर उसका नाम सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर एडीएम एसएन यादव सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Tags:
amethi