नई दिल्ली-नोटबंदी के बाद नकदी निकासी के नियमों में और ढील देते हुए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने सोमवार को कहा कि ओवरड्रॉफ्ट और कैश क्रेडिट खाताधारक अब एक सप्ताह में बैंक से 50,000 रुपए तक की निकासी कर सकते हैं. इससे पहले तक चालू खाताधारकों को ही एक सप्ताह में 50,000 रुपए तक निकालने की अनुमति थी.
आरबीआई ने कहा कि समीक्षा के बाद इस सुविधा का विस्तार ओवरड्रॉफ्ट और कैश क्रेडिट खातों तक भी करने का फैसला किया गया है. इसी के अनुरूप ऐसे चालू-ओवरड्राफ्ट-कैश क्रेडिट खाताधारक जिनके खाते पिछले तीन महीने या उससे अधिक से परिचालन में हैं अब एक सप्ताह में 50,000 रुपए तक निकाल सकेंगे. हालांकि, यह सुविधा व्यक्तिगत ओवरड्रॉफ्ट खातों पर नहीं मिलेगी.
आरबीआई ने कहा कि 50,000 रुपए की निकासी के दौरान संबंधित व्यक्ति को नकदी का भुगतान 2,000 रुपए के नोट में किया जाए. सरकार ने 500 और 1,000 का नोट बंद करने के बाद किसानों, छोटे व्यापारियों, समूह सी के केंद्रीय कर्मचारियों आदि के लिए नकदी निकासी की सीमा में छूट के लिए कई फैसले लिए हैं.