नई दिल्ली: 500 और हजार रुपये के नोटों को नये नोटों से बदलने और अपने खातों से नकदी निकालने व पुराने नोटों को जमा करने में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. आज और कल यानि रविवार को भी बैंक खुले रहेंगे जिससे लोग पैसे बदलने और जमा करने का काम वीकएंड पर भी कर सकेंगे.
नोटबंदी के फैसले के अगले दिन से देशभर के एटीएम दो दिन तक बंद रहे थे लेकिन कल जब एटीएम खुले तो लोगों की काफी परेशानी का सामना करना पड़ा क्योंकि ज्यादातर जगहों पर शिकायतें आ रही थी. देश भर में कई एटीएम मशीनों में नगदी नहीं होने से लोग पैसे नहीं निकाल पाये. आज एटीएम खुलने का दूसरा दिन है, उम्मीद की जा रही है कि आज लोगों की परेशानी कुछ कम होगी.
बैंक अधिकारियों के मुताबिक कई एटीएम मशीनों में अभी नये नोट नहीं रखे गये हैं. लोगों को इसके चलते काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. इस स्थिति से निपटने के लिए बैंक आज यानि शनिवार और रविवार को भी खुले रहेंगे. एटीएम में लोगों की जरूरत भर का पैसा पहुंच सके इसी वजह से नोटबंदी के फैसले के बाद 2 दिनों तक एटीएम को बंद रखा गया था. इसके बावजूद पूरी तैयारी नहीं की जा सकी. हालांकि इसके पीछे कुछ तकनीकी दिक्कतें भी बताई जा रही हैं.
दरअसल हर ARM मशीन के भीतर फ्रेम्स होते है, फ़्रेम का मतलब वो खांचे जिनमें नोट रखे जाते हैं. अलग-अलग खांचों में अलग-अलग मूल्य के नोट होते हैं.. मसलन.. 1000… 500 और 100.. इन फ्रेम्स में सेंसर लगे होते हैं. जो नोट को पहचानते हैं.. इसी पहचान के आधार पर जब कोई पैसा लेने पहुंचता है.. तो उतनी रकम के नोट एटीएम मशीन से बाहर आते हैं.
अब तक इन मशींस के भीतर पुराने 10000, 500 और 100 के नोट को पहचाने के हिसाब से प्रोग्रामिंग थी.. पर जब नोट ही बदल दिए गए.. तो एटीएम मशीन नए नोटों को पहचानने के लिए तकनीकी तौर पर तैयार ही नहीं थी.. यानि नोट मशीन में डाले भी जाते तो मशीन को पता नहीं चलता कि कितने और कौन से पैसे बाहर निकालने हैं.
ऐसे में जरूरत थी इन मशीनों की प्रोग्रामिंग बदलने की लेकिन ज्यादातर मशीनों में 48 घंटे में वो काम पूरा नहीं हो पाया.ज़ाहिर है सरकार ने नोट बंद करने का फैसला तो कर लिया.. लेकिन इससे होने वाली परेशानी से निपटने की तैयारी ठीक से नहीं की गयी.. इसीलिए ये सवाल उठ रहा है कि क्या सरकार ने नोटबंदी का फैसला जल्दबाजी में किया?
उधर सरकार ने पब्लिक यूटिलिटी बिल्स के लिए 500,1000 के नोटों के इस्तेमाल की सीमा 72 घंटे बढ़ा दी है. अब सरकारी अस्पताल, मेडिकल स्टोर, रेलवे, एयरलाइंस, पेट्रोल पंप, पानी और बिजली का बिल, मेट्रो, एएसआई स्मारक पर पुराने नोटों का इस्तेमाल 14 नवंबर रात 12 बजे तक किया जा सकेगा. वहीं राष्ट्रीय राजमार्गों पर 14 तारीख तक टोल टैक्स नहीं वसूला जाएगा.