'उजाले' के नाम पर फिर हुआ 26 लाख का खेल-अमेठी



दैनिक जागरण ने अपने 26 अक्टूबर के अंक में ही उजाले के नाम पर करोड़ों का फर्जीवाड़ा शीर्षक से प्रमुखता से सोलर लाइट में हुए खेल का खुलासा किया था।
अमेठी-संग्रामपुर ब्लाक की ग्राम पंचायतों में सोलर लाइट लगाने के नाम पर धांधली का एक और मामला सार्वजनिक हुआ है। जिला प्रशासन को मिली शिकायतों के अनुसार करीब छह माह पूर्व अलग अलग गांवों के चयनित सौ स्थानों पर सोलर लाइट लगाने के लिए दो किश्तों में 26.50 लाख रुपये का भुगतान क्षेत्र पंचायत से कर दिया गया था। जब कि चयनित स्थलों पर सोलर लाइट लगाई ही नहीं गई है। सूत्रों की मानें तो सोलर लाइट के खेल में लगे लोगों ने सोलर लाइट की रकम हड़पने के लिए जो ताना बाना बुना था उसके मुताबिक जब ग्राम पंचायतों की निधि से सोलर लाइट लगने पर लगी रोक हट जाएगी तो उनकी निधि से गांव में लगने वाली सोलर लाइटों को क्षेत्र पंचायत की दिखा दिया जाएगा। वहीं संग्रामपुर के खंड विकास अधिकारी विनय कुमार ने कहा कि अब तक 80 सोलर लाइट लगाई जा चुकी हैं।
होगी वसूली
''संग्रामपुर क्षेत्र पंचायत से सोलर लाइट लगाए जाने की शिकायत मिली है। पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आते ही बीडीओ के साथ ही जिम्मेदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई जाएगी और पूरी धनराशि की रिकवरी होगी।''
चंद्रकांत पांडे
डीएम, अमेठी
यह हैं मानक
-एक सोलर लाइट की वारंटी पांच साल होती है। जबकि उसे कम से कम दस साल तक मौके पर लगी होना चाहिए।
-इसमें 7.5 एंपियर की बैट्री लगनी चाहिए।
-सोलर प्लेट एक बार बैट्री को चार्ज करती है तो वह 24 घंटे प्रकाश देने के लिए पर्याप्त होती है।
-सार्वजनिक स्थलों पर इनकी स्थापना का आदेश चालू वित्तीय वर्ष में ग्राम पंचायतों को दिया गया है।
-सोलर लाइट पर अधिकतम 21 हजार व स्ट्रीट लाइट पर सात हजार रुपये खर्च करने की अनुमति महकमें द्वारा ग्राम पंचायतों को दी गई है।
-पहले भी हुआ है बड़ा खेल
अंधेरे को दूर करने के नाम पर पहले भी जिले में बड़ा खेल हो चुका है। यूपीए सरकार के दौरान सांसद राहुल गांधी के प्रयास से इस्पात मंत्रालय भारत सरकार ने अमेठी की सभी 133 न्याय पंचायतों में पांच-पांच व जिले के सीएचसी व पीएचसी अस्पताल में 70 सोलर लाइट लगवाई थी। स्टील अथार्टी आफ इंडिया द्वारा कुल जिले में 725 सोलर लाइटें लगाई गई थी। एक हजार का लक्ष्य संस्थान को दिया गया था। लेकिन लगने के साथ ही अधिकांश सोलर लाइटें बंद हो गई। तीन करोड़ से अधिक की लागत से लगाई गई सोलर लाइटों ने महीने दो महीने में ही उजाला देना बंद कर दिया था। जिस पर उस समय काफी हो हल्ला मचा। सोलर लाइटों पर टोल फ्री नंबर 180010888077 पर किसी भी समस्या के निदान के लिए फोन करने की बात लिखी गई है। लेकिन अभी तक एक भी मामले का निदान नहीं हुआ। (दैनिक जागरण)

Post a Comment

Previous Post Next Post