नई दिल्ली। वैसे तो टेलिविजन जगत के फेमस कमीडियन कपिल शर्मा हमेशा ही हंसी-मजाक के मूड में नज़र आते हैं, लेकिन शुक्रवार सुबह उनका एक अलग अंदाज़ फैन्स को नज़र आया है, जैसा शायद ही कभी किसी ने पहले देखा हो। दरअसल, कपिल शर्मा का कहना है कि वह तंग आ गए हैं, क्योंकि उनसे घूस मांगा जा रहा है और इसलिए उन्होंने सीधे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से ही यह सवाल कर डाला है कि क्या यही हैं आपके अच्छे दिन?
कपिल की मानें तो वह मुंबई में अपना दफ्तर बनावाना चाहते हैं और इसके लिए बीएमसी अधिकारियों ने उनसे 5 लाख रुपए घूस की मांग की है। कपिल ने ट्विटर पर पीएम मोदी को टैग करके हुए कहा, 'मैं पिछले 5 सालों में 15 करोड़ इनकम टैक्स भर चुका हूं, इसके बावजूद मुंबई में अपना ऑफिस बनाने के लिए मुझे बीएमसी ऑफिस को 5 लाख रुपए घूस देना पड़ रहा है।' अपने अगले ट्वीट में कपिल ने लिखा है, 'इसके बाद 'ये हैं आपके अच्छे दिन?'
अपने इस सवाल के जरिए कपिल ने सीधे सिस्टम पर सवाल उठाया है। कपिल हमेशा से मोदी के फैन रहे हैं और कई बार अपने शो में मोदी को बुलाने की इच्छा भी जाहिर कर चुके हैं। उन्होंने इस साल मार्च में शो के स्पेशल एपिसोड में कहा था, 'यदि मोदी हमारे शो में आते हैं तो हम राजनीति, पार्टी आदि जैसे विषयों पर बात नहीं करेंगे। मैं उनसे यह जानना पसंद करूंगा कि आखिर कैसे एक छोटे से शहर से आने वाला एक आदमी इतना लंबा सफर तय करके हमारे देश का प्रधानमंत्री बन गया? यह एक प्रेरक कहानी है। मैं उनसे इस बारे में बात करने की कोशिश करूंगा।'
इसलिए, ऐसा लगता नहीं कि उन्होंने प्रधानमंत्री पर कोई तंज कसा है, बल्कि यह करप्शन की मार झेल रहे एक आम लाचार व्यक्ति की ओर से मदद की पुकार हो सकती है। कपिल फिलहाल सोनी टीवी पर 'कपिल शर्मा शो' को होस्ट कर रहे हैं, जिसमें उनके पुराने साथी अली असगर, सनील ग्रोवर, नवजोत सिंह सिद्धू भी शामिल हैं। वह बहुत जल्द फिल्म पर भी काम करने की तैयारी में हैं।
