आजम खां की मीडिया को चुनौती- कहा नाचने वाली के साथ भी मेरी फोटो छापो


लखनऊ। मानव तस्करी के मामले में पीतलनगरी मुरादाबाद से गिरफ्तार आफाक बाकरी के साथ फोटो वायरल होने से प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आजम खां बेहद तिलमिलाए हैं। रामपुर में कल अपने बेटे के साथ जनसभा में आजम खां मीडिया पर जमकर बरसे और सभी की ईंट से ईंट बजाने की धमकी भी दी। इस दौरान आजम खां ने मीडिया से कहा कि मैंने तो नाचने वाली (जयाप्रदा) को भी सांसद बनाया है, उसके साथ भी मेरी फोटो छापो।

समाजवादी पार्टी के बेहद फायरब्रांड तथा कद्दावर नेता और अखिलेश सरकार में कैबिनेट मंत्री आजम खां का एक फोटो मीडिया में आया है। इस फोटो में वह सेक्स रैकेट के सरगना आफाक बाकरी के साथ खड़े हैं।

जिस पर आजम खां बेहद भड़के हैं और मीडिया पर बरसते-बरसते अपशब्द भी बोल गए। अगर अखबार को चलाने के लिए अय्याशी का रास्ता इख्तियार किया गया तो अखबारों के खिलाफ हमारी खुली जंग होगी।

आजम खां ने कल रामपुर के स्वार तहसील में ऐसा बयान दिया, जिसकी जिसकी कोई उम्मीद भी नहीं कर सकता है। स्वार तहसील में जनसभा में बौखलाए आजम खां ने मीडिया पर जोरदार हमला बोला। दिल्ली के सेक्स रैकेट के सरगना आफाक बाकरी के साथ तस्वीरें वायरल होने से खफा आजम खां ने कहा कि हम सियासतदारों के साथ तो संत भी खड़ा होगा, सूफी भी खड़ा होगा।

इसके बाद आजम खां ने जो कहा, वो चौंकाने वाला था। आजम खां ने कहा कि हमारे साथ वेश्या और दलाल भी खड़े हो सकते हैं। आजम इतने पर ही नहीं रूके। इशारों-इशारों में रामपुर से सांसद रही जया प्रदा को भी अपने बयान में लपेट लिया। आजम ने बिना नाम लिए कहा कि हमने तो नाचने वाली को भी सांसद बना दिया अगर छापना ही है तो उनके साथ भी हमारा फोटो छापो।

आजम खां समाजवादी पार्टी के बेहद फायरब्रांड नेता है, वह अक्सर अपने बयानों के कारण सुर्खियों तथा विवादों में रहते हैं। कल तो उन्होंने अपने बेटे के पक्ष में स्वार तहसील में एक जनसभा की। उन्होंने कहा कि चुटकी भर आरएसएस के लोग गुजरात तो कर सकते हैं, मुजफ्फरनगर तो कर सकते हैं, दादरी तो कर सकते हैं, लेकिन मोहब्बत का पैगाम नहीं दे सकते, ये हमारा जिगरा है कि हमारे पास वक्त न होने के बावजूद हम सारा काम छोड़ कर लखनऊ से रामपुर आये एक आरएसएस कार्यकर्ता की बीबी से राखी बंधवाने के लिए।

आजम ने कहा कि इन्कलाब के फैसले चन्द लोगों ने लिए हैं, अगर किसी को हिन्दुस्तान में देखना है कि नया हिन्दुस्तान कहां बन रहा है, जो पाकिस्तान से भी अपनी ताकत का पंजा लड़ा सकता हैं, उसका नाम है जौहर यूनिवर्सिटी, यहां से हर हिन्दुस्तानी आग में तपी हुई तलवार बन कर निकलेगा, एक ऐसा फौजी निकलेगा, जो सरहदों पर हारेगा नहीं।

स्वार टांडा से चुनाव लड़ेंगे अब्दुल्ला

कद्दावर मंत्री आजम खां के छोटे बेटे अब्दुल्ला आजम स्वार टांडा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। कल स्वार में हुई जनसभा में हजारों सपाइयों की मौजूदगी में आजम खां ने उन्हे स्वार टांडा विधानसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लडऩे की इजाजत दे दी। इस पर अब्दुल्ला जिंदाबाद के नारे गूंज उठे। उन्होंने कहा कि हमारी तरफ से अब्दुल्ला को इजाजत है कि वे चुनाव लड़ें, लेकिन हम अनुशासित लोग हैं, इसलिए टिकट की घोषणा सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव या मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ही करेंगे।

स्वार टांडा क्षेत्र के लोग काफी दिन से अब्दुल्ला को सपा के टिकट पर चुनाव लड़ाने की मांग कर रहे थे। उनकी मांग पूरी हो गई है, अब तो केवल औपचारिकता बाकी रह गई है, क्योंकि रामपुर में सपा में टिकट देने का फैसला आजम खां की राय से ही होता है। अब्दुल्ला को उनकी इजाजत मिल गई तो टिकट की औपचारिकता भी पूरी हो जाएगी। इस मौके पर अब्दुल्ला ने भी जोशीली तकरीर की, जिससे जनसभा में मौजूद युवा काफी प्रभावित हुए। अब्दुल्ला ने कहा कि मैं जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा। अब्दुल्ला जौहर विश्वविद्यालय के सीएओ भी हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post