चंद्रशेखर के नाम पर बलिया में बनेगा विश्वविद्यालय, विधानसभा में विधेयक पेश

उत्तर प्रदेश सरकार ने बलिया में पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के नाम पर विश्वविद्यालय बनाने का विधेयक बुधवार को विधानसभा में पेश किया। इसे गुरुवार को पास कराया जाएगा। इस विश्वविद्यालय की स्थापना पर चार अरब रुपये खर्च होंगे।
विधेयक में कहा गया है कि जिला बलिया एक सुदूर जिला है। यूपी के अन्य राज्य विश्वविद्यालय दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी बलिया से काफी दूर स्थित हैं। बलिया शैक्षणि‍क रूप से पिछड़ा जिला है। बलिया के समीपवर्ती क्षेत्र के छात्र उच्च शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाई का सामना कर रहे हैं।
इसके अतिरिक्त बलिया देश के पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर का जन्म स्थान है। इसलिए चंद्रशेखर की स्मृति में बलिया में जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय बलिया के नाम से एक राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना करने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम-1973 में संशोधन करने का निर्णय किया गया है। इसलिए राज्य विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक-2016 पेश किया गया है।

काशी विद्यापीठ के अधिकार क्षेत्र से हट जाएगा बलिया

खास बात यह है कि इस विश्वविद्यालय की स्थापना होने के बाद महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के अधिकार क्षेत्र से बलिया को हटा दिया जाएगा। बलिया चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के अधिकार क्षेत्र में आएगा। काशी विद्यापीठ के अधिकार क्षेत्र में चंदौली, मिर्जापुर, संत रविदासनगर, सोनभद्र और वाराणसी जिले आएंगे।

मुख्‍यमंत्री ने किया था शिलान्‍यास

पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के नाम पर विश्वविद्यालय बनाने की मांग चंद्रशेखर ट्रस्ट जहानाबाद आजमगढ़ के संयोजक एमएलसी यशवंत सिंह ने की थी। उनकी मांग को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कैबिनेट का फैसला किया और दो मई को बलिया जाकर चंद्रशेखर की याद में वहां इस विश्वविद्यालय का शिलान्यास भी किया था।

Post a Comment

Previous Post Next Post