ये लॉन्चर आपके पुराने फोन को बनाएंगे नए जैसा

ये लॉन्चर आपके पुराने फोन को बनाएंगे नए जैसा
चीन की शाओमी और मेजू जैसी कंपनियों के एंड्रॉयड फोन के यूजर इंटरफेस की बात छोड़ दें तो अधिकतर एंड्रॉयड फोन का यूजर इंटरफेस एक जैसा होता है। एक जैसे यूजर इंटरफेस के कारण कई लोग उससे ऊब जाते हैं। ऐसे लोग फोन में लॉन्चर को इंस्टॉल कर सकते हैं।  इन लॉन्चर से आपके फोन का यूजर इंटरफेस एकदम बदल जाएगा जो आपको नए फोन जैसा अहसास देगा। दरअसल फोन की डिस्प्ले पर जो ग्राफिकल आइटम और एप के आइकन दिखते हैं वह फोन का यूजर इंटरफेस होता है। गूगल प्ले स्टोर पर ढेरों ऐसे लॉन्चर उपलब्ध हैं। आइए जानते हैं कुछ ऐसी ही एप्लीकेशन के बारे में...
एरो लॉन्चर (Arrow Launcher)
गूगल प्ले स्टोर पर मुफ्त में उपलब्ध माइक्रोसॉफ्ट का यह एरो लॉन्चर फोन में किसी भी पेज को हाइड करने का फीचर देता है। साथ ही आप लॉन्चर की सेटिंग में बदलाव करना चाहते हैं तो उसका विकल्प भी फोन की होम स्क्रीन पर उपलब्ध है। लॉन्चर को फोन में इंस्टॉल करेंगे तो सबसे पहले 5 पसंदीदा एप को चुनने के लिए कहेगा। इन्हें चुनना जरूरी नहीं है। इसके बाद आपको लॉन्चर में होम स्क्रीन पर तीन पैनल दिखेंगे। होम पैनल पर ढेर सारे एप्स मिलेंगे। ये वे एप हैं जिनका बहुत ज्यादा उपयोग किया जाता है। इसके बाएं पैनल पर रिसेंट कॉल व एप का विकल्प मिलेगा जिसका आपने जल्दी में उपयोग किया है। वहीं दाएं पैनल में आप कॉल, हिस्ट्री और कॉन्टेक्ट ऐक्सस कर सकते हैं। एरो लॉन्चर में स्क्रीन के नीचे एक एरो दिखाई देगा। इसे ऊपर की ओर स्लाइड करते हैं तो वहां फैवरेट एप के अलावा स्क्रीन ब्राइटनेस, ब्लूटूथ और टॉर्च के फीचर्स भी मिलेंगे। वहीं नीचे एडिट पेज और सेटिंग का विकल्प मिलेगा। एरो मोबाइल लॉन्चर के मेन्यू में एप्लिकेशन अल्फाबेट में मिलेंगे। जैसे ‘अ’ वर्ड के नीचे अ नाम से शुरू सभी एप्लिकेशन और इ वर्ड के नीचे इ नाम के सभी एप दिखेंगे। हालांकि इस क्रम को आप अपने अनुसार कस्टमाइज नहीं कर सकते।
जेड लॉन्चर  (Z Launcher Beta)
नोकिया की तरफ से बनाया गया यह एंड्रॉयड लॉन्चर गूगल प्ले स्टोर पर मुफ्त में उपलब्ध है। अगर आपको फोन में मौजूद एप के बड़े-बड़े आइकन देखने में उलझन होती है तो आप इस लॉन्चर का फायदा उठा सकते हैं क्योंकि यह एप को नाम के क्रमानुसार दिखाता है। जहां बाईं ओर उनका नाम होगा जबकि दाईं ओर उस एप का आइकन दिखाई देगा। नोकिया के मुताबिक उसने इस लॉन्चर को यह सोच कर तैयार किया है कि एक यूजर कैसे अपने फोन को तेजी से इस्तेमाल कर सकता है। हालांकि ध्यान देने वाली बात यह है कि नोकिया का खुद एंड्रॉयड ओएस पर चलने वाला फोन नहीं है लेकिन उसके लॉन्चर को 4.1 रेटिंग दी गई है।
एविएट  (Aviate Launcher)
एविएट लॉन्चर आपके फोन के डिफॉल्ट लॉन्चर एप की जगह ले सकता है। होमस्क्रीन के आम पैटर्न और नोटिफिकेशन की जगह बिल्कुल अलग विकल्प नजर आएगा जो आपके फोन की होम स्क्रीन को नया लुक देंगे। इस एप को डाउनलोड करने से होम स्क्रीन पर एप और विजेट्स दोनों एक साथ दिखते हैं। यह लॉन्चर यूजर की लोकेशन और उनके काम के मुताबिक होमस्क्रीन पर दिखने वाले एप को बदलता है। जैसे अगर आप कहीं बाहर घूमने जा रहे हैं तो एविएट खुद आपको म्यूजिक और नेविगेशन एप इस्तेमाल करने की सलाह देने लगेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post