सोशल मीडिया पर छाया 'समाजवादी ड्रामा-ई सायकिल हमार बा'

SP का संग्राम: सोशल मीडिया पर छाया 'समाजवादी ड्रामा-ई सायकिल हमार बा'

सपा में मचे घमासान के बीच आजकल सोशल मीडिया पर खूब चटखारे लिए जा रहे हैं. फेसबुक, ट्विटर और व्‍हाट्सऐप पर अपने-अपने अंदाज में लोग इस पर चुटीले अंदाज में अपनी रचनात्‍मक अभिव्‍यक्तियां पेश कर रहे हैं. इसी कड़ी में मुलायम सिंह और अखिलेश यादव के सियासी घमासान की तस्‍वीर को फिल्‍मी अंदाज में पेश करता एक पोस्‍टर आजकल सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.

इस फिल्‍मी पोस्‍टर में इसको समाजवादी ड्रामा कहा गया है और फिल्‍म का इंग्लिश में टाइटल BICYCLE THIEVES के साथ भोजपुरी में जोड़ा गया है-'ई सायकिल हमार बा'. फिल्‍म की विशेषताओं के बारे में पोस्‍टर पर चुटीले अंदाज में बताया गया है कि यह सर्वकालिक महानतम नौटंकियों में शुमार है. यह भी कहा गया है कि एक ऐसा मास्‍टरपीस जिसे इस पृथ्‍वी पर केजरीवाल के ड्रामे के बाद सार्वभौमिक रूप से सर्वाधिक पसंद किया जा रहा है.

पोस्‍टर के मुताबिक वेबसर्कस की इस ड्रामे की स्क्रिप्‍ट रामगोपाल यादव और अमर सिंह ने लिखी है. इसके संगीतकार शिवपाल हैं. निर्माता मुलायम सिंह और अखिलेश यादव हैं और इसका निर्देशन आजम खान ने किया है.

उल्‍लेखनीय है कि इस वक्‍त समाजवादी पार्टी दो खेमों अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव गुट में विभाजित दिखाई दे रही है. दोनों ही पक्षों ने पार्टी के चुनाव निशान 'साइकिल' पर चुनाव आयोग के समक्ष अपनी दावेदारी पेश की है. हालांकि आजम खान जैसे नेता दोनों पक्षों के बीच सुलह की कोशिशें कर रहे हैं लेकिन दोनों धड़ों के अपनी मांगों पर अड़े होने के कारण अभी समझौते की कोई बात निकलकर नहीं आई है.

Post a Comment

Previous Post Next Post