लखनऊ: समाजवादी पार्टी में अब साइकिल को लेकर लड़ाई छिड़ी हुई है. लड़ाई इस बात को लेकर है कि साइकिल चुनाव चिह्न का हकदार कौन है. मुलायम और अखिलेश दोनों ही इस पर अपना दावा जता रहे हैं. चुनाव आयोग ने मुलायम सिंह यादव को 4.30 मिलने का वक्त दिया है. सूत्रों के मुताबिक, अखिलेश के गुट की तरफ से रामगोपाल यादव चुनाव आयोग से मिलने जा सकते हैं.
इसके साथ ही मुलायम चुनाव आयोग से राष्ट्रीय अधिवेशन के फैसलों को रद्द करने की मांग भी करेंगे. मुलायम के साथ अमर सिंह और शिवपाल यादव भी होंगे. इसके लिए अमर सिंह लंदन से लौट आए हैं. शिवपाल यादव ने कहा कि मैं मरते दम तक नेताजी के साथ रहूंगा. नेताजी ही पार्टी के अध्यक्ष हैं. वहीं अमर सिंह ने कहा कि मुलायम के लिए खलनायक भी बनना पड़ा तो मंजूर है.
उधर, मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ पार्टी उनसे जुड़ी हुई है और उन्हें लोगों का भरपूर समर्थन प्राप्त है. मुलायम ने मीडिया से कहा कि उन्होंने बेदाग जीवन जीया है और सर्वोच्च न्यायालय ने भी उन पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों में उन्हें क्लीन चिट दे दी है।
Tags:
uttar pradesh