अखिलेश ने नरेश उत्‍तम को प्रदेश अध्‍यक्ष बनाया, सपा मुख्‍यालय से शिवपाल की नेमप्‍लेट हटाई गई

अखिलेश ने नरेश उत्‍तम को प्रदेश अध्‍यक्ष बनाया, सपा मुख्‍यालय से शिवपाल की नेमप्‍लेट हटाई गई

लखनऊ: समाजवादी पार्टी में जारी वर्चस्‍व की जंग के बीच रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में पार्टी का अध्यक्ष चुने जाने के बाद विधानपरिषद सदस्य नरेश उत्तम पटेल को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया. शिवपाल यादव की नेमप्‍लेट को भी हटा दिया गया है.

अखिलेश के करीबी माने जाने वाले सपा प्रवक्ता एवं राज्य के कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि अखिलेश ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की हैसियत से विधानपरिषद सदस्य नरेश उत्तम पटेल को शिवपाल यादव की जगह पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है. पटेल ने पदभार ग्रहण कर लिया है.

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने पूरे तौर पर अखिलेश का अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष मान लिया है और अब उनके निर्णयों को किसी भी तरह चुनौती नहीं दी जा सकती. रामगोपाल यादव को पार्टी से निष्कासित करने के मुलायम सिंह के फैसले के बारे में पूछने पर चौधरी ने कहा कि ऐसा कोई फैसला मान्य नहीं होगा.

लखनऊ में सपा मुख्यालय के बाहर समर्थकों के हंगामे के बारे में पूछे जाने पर चौधरी ने कहा कि आज के इतने बड़े घटनाक्रम के बाद राज्य मुख्यालय पर समर्थकों की भीड़ उमड़ना स्वाभाविक है.

वहीं, शिवपाल समर्थकों ने आरोप लगाया कि अखिलेश समर्थकों ने सपा मुख्‍यालय पर कब्‍जा कर लिया है उन्‍हें पार्टी हेडक्‍वार्टर में प्रवेश करने से रोका गया.

मुलायम सिंह ने भी समाजवादी पार्टी के उपाध्यक्ष किरणमय नंदा को 'असंवैधानिक' राष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होने और पार्टी-विरोधी गतिविधियों के कारण पार्टी से निष्कासित कर दिया है.

Post a Comment

Previous Post Next Post