पीएम मोदी पर राहुल गांधी ने किया गिन-गिनकर कटाक्ष, नोटबंदी से लेकर पद्मासन तक का किया जिक्र

राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर किया गिन-गिनकर कटाक्ष, नोटबंदी से लेकर पद्मासन तक का किया जिक्र नई दिल्ली: नोटबंदी को लेकर जन वेदना सम्मेलन में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि नोटबंदी एक खराब फैसला था. लोग पूछ रहे हैं कि अच्छे दिन कब आएंगे. 2019 में कांग्रेस की सरकार से अच्छे दिन आएंगे. इस सरकार में लोकतांत्रिक संस्थाएं कमजोर हो रही है. RBI गवर्नर के पद को हास्यास्पद बना दिया गया है. हमने 70 साल तक संस्थाओं का आदर किया. ये लोग देश की आत्मा को खत्म करने में लगे हैं. राहुल ने कहा कि ढाई साल पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने वादा किया था कि हिन्दुस्तान को स्वच्छ बना दूंगा. सभी को झाड़ू भी पकड़ाया, फैशन था, तीन-चार दिन चला, खुद भी झाड़ू पकड़ा, फिर भूल गए. इसके बाद मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया जैसी कई योजनाएं लाएं. लेकिन लोगों ने साफ देखा कि जब बीजेपी नेताओं ने झाड़ू पकड़ा हुआ था तो गलत पकड़ा था. पीएम मोदी ने भी सही नहीं पकड़ा था. पीएम मोदी योग करते हैं, लेकिन वह पद्मासन नहीं लगा पाए. मैंने भी योग किया है, एक्सपर्ट नहीं हूं. लेकिन मुझे सिखाने वाले ने भी बताया कि जो योग करता है वह पद्मासन लगा सकता है. पीएम मोदी इसके बाद नोटबंदी लेकर आए. हिन्दुस्तान तो छोड़ो दुनिया के सभी इकोनॉमिस्ट ने इसे अर्थव्यवस्था के लिए खराब बताया. उन्होंने नोटबंदी के जरिए अर्थव्यवस्था की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी.

Post a Comment

Previous Post Next Post