
जालौन। सर्व शिक्षा अभियान के नाम पर सरकार करोड़ों रूपया पानी की तरह बहा रही है और हठधर्मी शिक्षक सरकार को पलीता दिखा रहे हैं। जनपद के रामपुरा विकास खंड के गांव चंदावली में प्राथमिक विद्यालय शिक्षकों की मर्जी से खुलता है।
मिली जानकारी के मुताबिक विद्यालय में तीन शिक्षकों की तैनाती है, लेकिन तीनों शिक्षक अभी एक साथ विद्यालय में हाजिर नही हुए। विद्यार्थी तो रोज समय से स्कूल पहुँचकर शिक्षकों के आने का इंतजार करते हैं। अगर कोई शिक्षक आ गया तो पढ़ाई अन्यथा छुट्टी?
ग्रामीणों की तमाम शिकायतों के बाबजूद गांव के सरकारी स्कूल के शिक्षण कार्य में कोई सुधार नही हुआ। सरकारी स्कूल में लगा ताला विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को मुंह चिढ़ाता है। शिक्षकों की मनमानी से देश के भावी कर्णधारों का शिक्षा भविष्य अंधकारमय है। इस ओर प्रशासन कोई ध्यान नही दे रहा है। जिस कारण ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
Tags:
uttar pradesh