
सुलतानपुर-मामला चांदा थाने के थरमापुर गांव का है। बीते बुधवार को करौंदीकला बाजार से थरमापुर गांव में एक यादव परिवार के यहां बरात आई थी। द्वारचार की रस्म अदा होते-होते दूल्हे राजा शराब के नशे में धुत होते गए। जयमाल के समय दूल्हन ने दूल्हे के हरकतों को विरोध किया। इस पर भी दूल्हा न माना तो उसकी हरकतों से आजिज आई दुल्हन ने जयमाल स्टेज पर दूल्हे को थप्पड़ दे मारा। किसी तरह लोगों ने समझा-बुझाकर शादी की रस्में शुरू कराईं, लेकिन दूल्हे का सुरूर उतरा नहीं था। सात फेरे के वक्त भी वे हरकत करने से बाज नहीं आए। खीझी दुल्हन ने इस बार उनकी चप्पलों से धुनाई कर दी। फिर बात ऐसी बिगड़ी कि बड़े बुजुर्गों के मान-मनौव्वल के बाद भी मामला नहीं सुलटा। आखिरकार देर रात बरात बैरंग वापस लौट गई।
Tags:
sultanpur