
अमेठी : यह खबर उन लोगों के लिए अच्छी है जिनके पास हजार-पांच सौ के पुराने नोट हैं तो उनके लिए यह खबर किसी मुसीबत से कम नहीं जिनके पास पैसा नहीं है और उनका विद्युत बकाया दस हजार से अधिक हो गया है। शीघ्रता से विद्युत बिल जमा न करने वालों के खिलाफ विद्युत महकमा बड़ा अभियान चलाने जा रहा है। अभियान के तहत दस हजार से अधिक के बकाएदारों के विद्युत कनेक्शन काट दिए जाएंगे। साथ ही उन्हें बिजली तभी मिल पाएगी जब वह अपने बिल का पूरा भुगतान कराएंगे। महकमें ने विद्युत बिल जमा करने में अपने उपभोक्ताओं को खासी सहूलियत भी दे रखी है।
महकमें ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि अगर वह शीघ्रता से अपना बिल जमा करें तो अगर उनके पास हजार पांच सौ के नोट हैं तो उसे वह आगामी 24 नवंबर तक विद्युत बिल के रूप में जमा कर सकते हैं। महकमें को उम्मीद है कि पुराने नोटों के जमा करने की छूट का उसे खासा लाभ मिलेगा। सोमवार को अवकाश होने के चलते सभी कार्यालय बंद रहे। जिसके चलते छूट का कोई खास लाभ नहीं मिला। विद्युत महकमें के अधिकारियों का मानना है कि मंगलवार से विद्युत बिल का बकाया राशि जमा होने में इजाफा होगा।
अधिशाषी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम भरत सिंह ने कहा कि जिले में दस हजार से अधिक का विद्युत बकाया जिन भी उपभोक्ताओं का है उन सभी का विद्युत कनेक्शन काट दिया जाएगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वह 24 नवंबर तक हर हाल में अपना बकाया बिल भुगतान कर दें। इस अवधि में महकमा हजार व पांच सौ के पुराने नोटों को भी स्वीकार करेगा। वहीं अधिशाषी अभियंता खंड द्वितीय हनुमान प्रसाद मिश्रा ने बकाया बिजली का बिल जमा करने को लेकर सोशल मीडिया पर संदेश भेज लोगों को सूचित कर रहे है।(JAGRAN)
Tags:
amethi