यूपी में सरकारी विभागों की प्रताड़ना इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि लोग विरोध जताने के लिए नए-नए तरीके अपनाने लगे हैं. ताजा मामला कानपुर का है, जहां सरकारी विभाग की प्रताड़ना से परेशान होकर एक युवक ने विरोध जताने के लिए अपने घर की छत पर पाकिस्तान का झंडा लगा दिया.
चौंकाने वाला यह मामला कानपुर के जवाहर नगर इलाके का है. इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लोगों ने एक घर की छत पर पाकिस्तान का झंडा लगा हुआ देखा. पाकिस्तान का झंडा देख लोग वहां जमा होने लगे और झंडे को लेकर अपना विरोध जताने लगे. उन्होंने फौरन पुलिस को मामले की जानकारी दी.
पाकिस्तानी झंडा लगा होने की खबर से पुलिस के हाथ-पांव फूल गए. आनन-फानन में पुलिस अधिकारी वहां पहुंचे और उन्होंने छत से झंडा उतारकर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी ने छत पर झंडा लगाने की जो वजह पुलिस अधिकारियों को बताई उसे सुनकर पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए.
दरअसल जवाहर नगर निवासी चंद्रपाल पिछले कई सालों से नगर निगम, केडीए और जलनिगम के द्वारा भेजे जा रहे ज्यादा टैक्स से परेशान हो गया था. चंद्रपाल ने कई बार संबंधित अधिकारियों से इसकी शिकायत की लेकिन हर बार अधिकारियों ने चंद्रपाल की शिकायतों को अनसुना कर दिया.
आखिरकार सरकारी व्यवस्था से तंग आकर चंद्रपाल ने पाकिस्तान का झंडा बनाया और उसे अपने घर की छत पर लगा दिया. आरोपी की गिरफ्तारी की खबर से बजरंग दल और भाजपा कार्यकर्ता भी थाने पहुंच गए. दोनों पक्षों ने पुलिस थाने के बाहर जमकर नारेबाजी की. घटना से गुस्साए पार्टी नेताओं ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
Tags:
uttar pradesh
